मैन ऑफ द मैच सलामी बल्लेबाज इविन लुइस (नाबाद 125) के शतक की बदौलत मेजबान वेस्टइंडीज ने एकमात्र टी-20 मैच में भारत को नौ विकेट से एकतरफा और करारी हार दी है। रविवार रात खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का आमंत्रण दिया और मेहमान ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 190 रन जड़ दिए। यह लक्ष्य भी उसे जीत हासिल करने के लिए कम पड़ा और वेस्टइंडीज ने सिर्फ एक विकेट खोकर नौ गेंद पहले यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
मात्र 62 गेंदों में 12 छक्के और छह चौके मारने वाले लुइस का यहा टी-20 में सर्वोच्च स्कोर भी है। यह उनका टी-20 में दूसरा शतक है। उनका पहला शतक भी भारत के खिलाफ पिछले साल आया था। इसी के साथ लुइस टी-20 की एक पारी में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसी शतक के साथ उन्होंन एक और मुकाम हासिल किया है। वह इस प्रारूप में दो शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले उनके हमवतन क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैक्लम ऐसा कर चुके हैं। लुइस को इस स्कोर तक पहुंचाने में भारतीय फील्डरों का भी हाथ रहा जिन्होंने उनके दो कैच छोड़े।
मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को धीमी शुरुआत मिली, लेकिन एक बार विकेट पर जमने के बाद लुइस ने भारतीय गेंदबाजों की खूब बखिया उधेड़ी। उन्होंने सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ पहले विकेट के लिए 8.2 ओवरों में 82 रन जोड़े। लगभग एक साल बाद टीम में वापसी कर रहे गेल से भारत को खतरा नजर आ रहा थेए लेकिन हुआ उल्टा। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में 18 रन बनाए और लुइस को खुलकर खेलने का मौका दिया।
पहला टी-20 मैच खेल रहे कुलदीप यादव ने गेल को आउट किया। लेकिन इसका फर्क लुइस पर नहीं पड़ा और उन्होंने गगनचुंबी छक्के लगाने और तेजी से गेंद को सीमारेखा के पार भेजना जारी रखा। गेल के जाने के बाद लुइस को मार्लन सैमुअल्स (36) का साथ मिला। दोनों ने 10.1 ओवरों में 112 रनों की साझेदारी करते हुए वेस्टइंडीज को अपने देश में टी-20 में रनों का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत दिलाई। इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान विराट कोहली (39) और शिखर धवन (23) ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई।
दोनों ने 5.3 ओवरों में 11.63 की तेज रनगति से 64 रन जोड़े। कप्तान कोहली 22 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाने के बाद केसरिक विलियम्स का शिकार हुए। धवन भी दो गेंद बाद ही इसी ओवर में रन आउट हो पवेलियन लौटे। उन्होंने 12 गेंदों में पांच बाउंड्री हासिल की। इसके बाद दिनेश कार्तिक (48) और ऋषभ पंत (38) ने मोर्चा संभाला और 8.74 की औसत से 86 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर की ओर अग्रसर किया।
29 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाकर आतिशी अंदाज में खेल रहे कार्तिक 16वें ओवर की चौथी गेंद पर सैमुअल्स का शिकार हुए। सैमुअल्स ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। ठीक छह गेंद बाद महेंद्र सिंह धोनी (2) भी चलते बने। केदार जाधव (4) भी कुछ खास नहीं कर सके। 16वें, 17वें और 18वें, इन तीन ओवरों में भारत ने 24 रन जोड़े और चार विकेट गंवाए।
रवींद्र जडेजा ने आठ गेंदों में 13 और रविचंद्रन अश्विन ने सात गेंदों में 11 रन बनाकर भारत को 190 के स्कोर तक पहुंचाया। जडेजा और अश्विन ने मिलकर आखिरी के 12 गेंदों में 26 रन बटोरे और नाबाद लौटे।
यहां पढ़ें India vs West Indies
[matchcode-to-post id=”wiin07092017183767″]
10:46PM : विलियम्स पारी का आखिरी ओवर डालते हुए। दूसरी बॉल परर जडेजा ने छक्का लगाया। तीसरी बॉल पर चौका। भारत विशाल स्कोर की ओर बढ़ता हुआ। भारत ने वेस्टइंडीज को जीत के लिए 191 रन का टारगेट दिया।
10:40PM : 19वें ओवर की शुरुआत। मैदान पर अश्विन आए। टेलर के हाथों में गेंद। जडेजा और अश्विन दोनों ही संघर्ष करते हुए। पहली तीन गेंदों पर पांच रन आ चुके हैं। पांचवीं बॉल पर सिंगल। स्ट्राइक अश्विन के पास। टेलर पारी में 2 विकेट ले चुके हैं। आखिरी गेंद पर सिंगल।
10:34PM : विलियम्स अपना तीसरा ओवर डालते हुए। पहली गेंद पर डबल। अगली दो बॉल पर सिंगल। आखिरी बॉल पर जाधव आउट। भारत को छठा झटका।
10:30PM : टेलर पारी के 17वें ओवर के साथ। पहली तीन गेंदों पर सिंगल। चौथी बॉल पर धोनी कैच आउट। पांचवीं गेंद पर पंत भी कैच आउट। टेलर हैट्रिक पर मगर आखिरी गेंद पर जडेजा ने सिंगल लिया।
10:20PM : मार्लन 16वां ओवर डालते हुए। पंत ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी बॉल पर चौका। अगली पर सिंगल। स्ट्राइक कार्तिक के पास। चौथी बॉल पर कार्तिक क्लीन बोल्ड। मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी आए। इस ओवर से 13 रन बने। भारत 153/3
10:14PM : टेलर अपना दूसरा ओवर डालते हुए। पहली तीन बॉल पर सिंगल। तीसरी गेंद पर पंत चोटिल हो गए। फीजियो मैदान पर। हालांकि चोट गंभीर नहीं है। चौथी बॉल पर पंत ने सिंगल लिया। अगली दो गेंदों पर सिंगल। इस ओवर से महज 5 रन।
10:05PM : मार्लन 14वें ओवर के साथ। पंत ने दूसरी बॉल पर स्ट्राइक कार्तिक को दी। पंत इस वक्त काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांचवीं गेंद पर पंत आउट होने से बाल-बाल बचे। आखिरी गेंद पर चौका।
10:02PM : ब्रैथवेट 13वां ओवर डालते हुए। पहली ही गेंद पर सिंगल और इसी के साथ पंत और कार्तिक के बीच अर्धशतकी साझेदारी। चौथी बॉल पर कार्तिक ने शानदार छक्का लगाया। अगली डिलीवरी वाइड। लास्ट बॉल पर कार्तिक ने छक्का लगाया। भारत 128/2
9:56PM : सुनील नारायण 12वां ओवर डालते हुए। पहली गेंद पर डबल। अगली दो बॉल पर सिंगल। दोनों बल्लेबाजों के बीच 48 रन की साझेदारी हो चुकी है। आखिरी गेंद पर चौका।
9:51PM : मार्लन सैमुएल्स अपना पहला ओवर डालते हुए। पहली बॉल पर सिंगल। अगली डॉट। चौथी गेंद पर सिंगल। पांचवीं बॉल पर कार्तिक ने शानदार छक्का लगाया। लास्ट बॉल पर चौका।
9:47PM : सुनील नारायण मैच का दसवां ओवर डालते हुए। दूसरी गेंद पर कार्तिक ने स्वीप शॉट की मदद से चौका लगाया। चौथी और पांचवीं बॉल डॉट। आखिरी गेंद पर सिंगल। इस ओवर से 6 रन बने।
9:43PM : बद्री अपना आखिरी ओवर डालते हुए। पहली दो गेंदों पर सिंगल। तीसरी गेंद पर पंत ने चौका लगाया। अगली दो बॉल पर सिंगल। इस ओवर से नौ रन बने। भारत 87/2
9:39PM : आठवें ओवर में सुनील की पहली गेंद पर सिंगल। अगली बॉल पर कोई रन नहीं। तीसरी बॉल पर कार्तिक ने शानदार चौका लगाया। अगली दो गेंद पर सिंगल। लास्ट गेंद डॉट। इस ओवर से 7 रन।
9:35PM : क्रीज पर इस वक्त पंत और दिनेश कार्तिक मौजूद हैं। सातवां ओवर सैमुअल बद्री डाल रहे हैं। पहली गेंद पर कोई रन नहीं। अगली तीन गेंदों पर सिंगल। पांचवी बॉल पर लेग बाई के रूप में दो रन। लास्ट बॉल पर कोई रन नहीं। भारत का स्कोर 71/2
9:31PM : विलियम्स पारी का छठा ओवर डालते हुए। कोहली ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी पर चौका लगाया। अगली गेंद पर सुनील नारायण के हाथों कैच आउट। भारत को इस ओवर में दो झटके लगे। शिखर धवन रन आउट होकर पवेलियन लौटे।
9:23PM : कप्तान ब्रैथवेट की पहली ही गेंद पर धवन ने चौका लगाया। अगली गेंद पर सिंगल। तीसरी बॉल पर कोहली ने चौका लगाया। अगली दो डिलीवरी वाइड। लास्ट गेंद पर सिंगल। भारत ने 5 ओवर में बिना विकेट खोकर 54 रन बनाए।
9:17PM : विलियम्स चौथा ओवर डालते हुए। पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं। तीसरी और चौथी बॉल पर कोहली ने चौके लगाए। अगली गेंद पर सिंगल। पांचवीं और छठी बॉल पर सिंगल। भारत की ओर से पहले चार ओवर में 9 चौके लगे।
9:13PM : तीसरे ओवर में बद्री ने पहली डिलीवरी वाइड फेंकी। इसकी अगली दो गेंदों पर कोहली ने कोई रन नहीं बनाया। तीसरी गेंद पर स्ट्राइक धवन के पास। पांचवीं गेंद पर चौका। इस ओवर से महज 6 रन।
9:09PM : टेलर के पहले ओवर की दोनों शुरुआती गेंदों पर कोहली ने चौका लगाया। अगली दो बॉल पर कोई रन नहीं। तीसरी गेंद पर सिंगल। आखिरी गेंद पर धवन ने चौका लगाया।
9:04PM : विराट कोहली और शिखर धवन सलामी जोड़ी के रूप में मैदान पर आए। सैमुअल बद्री की पहली ही गेंद पर कोहली ने चौका लगाया। इस ओवर से तीन चौकों के साथ 13 रन बने।
8:45PM : दोनों टीमें इस प्रकार हैं…
भारत : शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार।
वेस्टइंडीज : क्रिस गेल, इविन लुइस, चाडविक वाल्टन, मार्लन सैमुएल्स, केरन पोलार्ड, रोवमैन पावेल, कार्लोस ब्रैथेवट (कप्तान), सुनील नरेन, सैमुएल बद्री, जैरेम टेलर, केसरिक विलियम्स।
8:40PM : भारतीय टीम में ऋषभ पंत को मौका मिला है। ये उनका दूसरा अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच है।
8:35PM : वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

