टोक्यो ओलंपिक 2020 की शुरुआत हो चुकी है। इस ओलिंपिक की एक खास बात यह है कि इस साल इसमें 160 से अधिक LGBTQ (समलैंगिक-बाइ सेक्सुअल- ट्रांसजेंडर) एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों में एक भारतीय नाम भी शामिल है। 160 LGBTQ एथलीट के हिस्सा लेने से लोगों का फोकस जापान पर बढ़ गया है। क्योंकि जापान एक रूढ़िवादी देश है, जहां समलैंगिक संबंधो को आज भी खराब नजर से देखा जाता है।

जापान के एलजीबीटी समुदाय ने मांग की है कि इस आयोजन का उपयोग विभिन्नता को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे जोरशोर से होना चाहिए। जापान की राष्ट्रीय टीम के 39 वर्षीय पूर्व फ़ेंसर और एक ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता फुमिनो सुगियामा ने कहा कि वह खेलों में विविधता में प्रगति को देखकर खुश हैं। उन्होंने कहा कि जब वह छोटे थे तो स्पोर्ट्स बहुत अलग था और भेदभावपूर्ण भाषा आम बात थी। फुमिनो सुगियामा को जापान ओलिपिंक समिति का सदस्य भी बनाया गया है। इस तरह वे समिति का सदस्य बनने वाले पहले ट्रांसजेंडर व्यक्ति बने।

100 मीटर की दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वालीं दुती चंद भी ओलंपिक के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ओलिंपिक में दुती महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर रेस में कद्दावर धाविकाओं को चुनौती देने उतरेंगी। कुछ साल पहले दुती चंद ने खुलासा किया था कि वे एक लड़की के साथ समलैंगिक संबंध में हैं। हालांकि, चंद के परिवारवाले उनके इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था और उन्हें उनके बहिष्कार का सामना करना पड़ था।

दुती चंद ऐसी पहली भारतीय स्पोर्ट्स स्टार हैं, जिन्होंने स्वीकार किया है कि वो समलैंगिक में हैं। उन्होंने कहा था कि , ‘मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हर किसी को प्यार करने की आजादी होनी चाहिए। प्यार से बड़ी कोई भावना नहीं होती है और इसे नकारा नहीं जाना चाहिए। भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने भी पुराने कानून को खत्म कर दिया है।”

शिमोयामादा का भी कहना है कि अगर एलजीबीटी अधिकारों का सम्मान करने वाला एक कानून बने या वैसा सिस्टम बनाया जाए, तो समलैंगिक खिलाड़ी खुद को मनोवैज्ञानिक रूप से ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगे। इसी महीने 31 वर्षीया महिला रग्बी खिलाड़ी ऐरी मुराकामी ने भी एलान किया कि वे समलैंगिक हैं। पिछले महीने फुटबॉल खिलाड़ी कुमी योकोयामा ने घोषणा की थी कि वे ट्रांसजेंडर पुरुष हैं। योकोयामा अमेरिका में प्रोफेशनल फुटबॉल खेलते हैं। अमेरिका में एलजीबीटी समुदायों के लिए स्थितियां अधिक अनुकूल हैं।