इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 38वें मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया। इस मैच में रविचंद्रन अश्विन ने यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल का विकेट लिया। मैच के दौरान गेल के जूते के फीते खुल गए थे। ऐसे में खेल भावना का परिचय देते हुए अश्विन ने उनके जूते के फीते बांधे थे। हालांकि, इसके बाद अश्विन ने उनके खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती और क्लीन बोल्ड कर दिया।
टी20 में अश्विन ने गेल के खिलाफ अब तक 81 गेंदें फेंकी हैं। इस दौरान उन्होंने 5 बार यूनिवर्स बॉस को पवेलियन की राह दिखाई है। अश्विन की गेंदों पर गेल 67 रन ही बना पाए हैं। मतलब अश्विन के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 82.71 ही रहा है। ओवरऑल बात करें तो आईपीएल में गेल का स्ट्राइक रेट 150.59 का है, यानी अश्विन के सामने उनका बल्ला आग उगलना बंद कर देता है और वह करीब आधे के स्ट्राइक रेट से ही रन बना पाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में गेल 13 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अश्विन से पहले तुषार देशपांडे के ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।
गेल की इस ताबड़तोड़ पारी की मदद से ही किंग्स इलेवन पंजाब पावर प्ले (शुरुआती 6 ओवर) में 57 रन बनाने में सफल रहा। यही नहीं, तुषार देशपांडे इस आईपीएल में पावर प्ले के दौरान सबसे महंगे गेंदबाज भी साबित हुए। तुषार ने अपने ओवर में 26 रन लुटाए। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के खलील अहमद के नाम था। खलील ने दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में पावर प्ले के एक ओवर में 22 रन दिए थे।
Excellent Bowling from Ashwin to get the Wicket of Dangerous Universal Boss #IPL2020 | #DCvsKXIP | #SaddaPunjab pic.twitter.com/tehF6rkx2E
— Mathan (@Cric_life59) October 20, 2020
आईपीएल में क्रिस गेल के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। वह अब तक 335 छक्के लगा चुके हैं। किसी एक मैच में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है। गेल ने 23 अप्रैल 2013 को पुणे वॉरियर्स के खिलाफ मैच में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपनी 175 रन पारी के दौरान 17 छक्के लगाए थे।
किसी एक मैच में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी गेल (175 रन) के ही नाम है। आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी गेल के नाम है। गेल ने आईपीएल में अब तक 6 शतक लगाए हैं। किसी मैच में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। उन्होंने 23 अप्रैल 2013 को पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंद में शतक लगाया था।