अनिल कुंबले को क्रिकेट से ज्यादा कुछ और पसंद है। जानते हैं क्या? नहीं, हम बताते हैं। टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले को फोटोग्राफी बेहद पसंद है। वह इस पर किताब भी लिख चुके हैं। यही नहीं कुंबले के अलावा और भी कई ऐसे क्रिकेटर्स हैं, जिन्हें क्रिकेट से ज्यादा दूसरी चीजें पसंद हैं। आएं जानते हैं किसे क्या पसंद है।
सचिन तेंदुलकरः क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर बल्ले के अलावा और चीजों से भी प्यार करते हैं। उन्हीं में से एक है संगीत। जी हां, सचिन को गाना गाना बहुत पसंद है। अक्सर उदास होने पर वह गाना गाकर मन बहलाते हैं।

महेंद्र सिंह धोनीः कप्तान कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी वीडियो गेम्स के दीवाने हैं। वह प्ले स्टेशन पर खूब गेम खेलते हैं। जानकारों के मुताबिक वह अपने साथ वीडियो गेम भी रखते हैं।

विराट कोहलीः टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अपने लुक्स और अपीयरेंस पर बहुत ध्यान देते हैं। दाढ़ी हो या फिर टैटू। कपड़े हों या कार। वह सभी चीजों में चूजी हैं। इसी क्रम में उन्हें कसरत का भी शौक है। जिम में रोजाना वह घंटों पसीना बहाते हैं।
युवराज सिंहः टीम इंडिया के विस्फोटक खिलाड़ी युवराज सिंह को टेनिस का शौक है। जब भी वह कहीं होटल में रुकते हैं तो सबसे पहले यह जानने की कोशिश करते हैं कि वहां टेनिस कोर्ट है या नहीं।

सुरेश रैनाः हरफनमौला खिलाड़ी सुरेश रैना जितना अपनी फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं, उतना ही वह गाना गाने के लिए भी मशहूर हैं। हालांकि यह बात कम ही लोग जानते हैं कि उन्हें संगीत से खासा लगाव है। मेरठिया गैंगस्टर्स फिल्म में उन्होंने गाना गाया है।
अजिंक्य रहाणेः टीम इंडिया का यह धुरंधर कराटे का शौकीन है। अजिक्य जब 12 साल के थे तब ही उन्होंने ब्लैक बेल्ट हासिल की थी। अभी भी जब उन्हें वक्त मिलता है तो वह कराटे की प्रैक्टिस करते हैं।

अनिल कुंबलेः टीम इंडिया के कोच और पूर्व भारतीय गेंदबाज अनिल कुंबले को गेंद और कैमरा में से एक चीज चुनने को दी जाए, तो शायद ही वे गेंद चुनेंगे। दरअसल, कुंबले को फोटोग्राफी बहुत पसंद है। वह इस विषय पर वाइड एंगल नाम की एक किताब भी लिख चुके हैं।

