इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में शुक्रवार को ईडन गार्डन में पंजाब किंग्स (PBKS)ने 8 गेंद शेष रहते कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराकर इतिहास रच दिया। टीम ने टी20 क्रिकेट में सबसे सफल रन चेज किया। उसने साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड तोड़ा। टी20 क्रिकेट में तीसरी बार 250 रन से ज्यादा का टारगेट चेज हुआ। पंजाब के इस जीत के हीरो जॉनी बेयरस्टो और शशांक सिंह रहे। प्रभसिमरन सिंह ने भी बेहतरीन पारी खेली। पिछले 2 मैच में ड्रॉप होने के बाद बेयरस्टो ने शतक जड़ा।

पंजाब किंग्स से पहले टी20 क्रिकेट में सबसे सफल रन चेज साउथ अफ्रीका के नाम था। टीम ने मार्च 2023 में सेंचुरियन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 259 रन का टारगेट 4 विकेट पर 18.5 ओवर में चेज कर दिया था। वही इंग्लैंड की काउंटी टीम मिडिलसेक्स ने सरे के खिलाफ द ओवल में जून 2023 में 19.2 ओवर में 3 विकेट पर 254 रन का टारगेट चेज कर दिया था।

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड टूटा

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में खूब 200 से ज्यादा रन बन रहे हैं और करीबी मैच हो रहे हैं। हालांकि, पहली बार दूसरी पारी में इतना रन बनाकर किसी टीम ने जीत हासिल की। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने 2020 के आईपीएल सीजन के दौरान आईपीएल इतिहास में सबसे सफल रन-चेज किया था। जहां उन्होंने शारजाह में पंजाब किंग्स के खिलाफ 224 रन के लक्ष्य को हासिल किया। राजस्थान ने कोलकाता के खिलाफ ही 2024 में 224 रन का टारगेट चेज किया था। जोस बटलर के नाबाद शतक की बदौलत राजस्थान ने अंतिम गेंद पर 224 रनों का लक्ष्य हासिल किया।

आईपीएल के मैच में सबसे ज्यादा रन

कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच में 523 रन बने। आईपीएल में दूसरी बार किसी मैच में इतना स्कोर बना है। इससे पहले इसी साल सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मैच में 523 रन बने थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच में 549 रन बने थे यह आईपीएल के एक मैच में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।

टी20 मैच में सबसे ज्यादा छक्के

कोलकाता-पंजाब के बीच मैच में 42 छक्के लगे। यह एक टी20 मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मैच में 38 छक्के लगे थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच में भी 38 छक्के लगे थे।

आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के

पंजाब किंग्स ने 24 छक्के जड़कर एक आईपीएल पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनराइजर्स के नाम था। उसने आरसीबी और दिल्ली के खिलाफ इसी साल 22-22 छक्के लगाए थे। पंजाब की टीम नेपाल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई। नेपाल ने पिछले साल एशियाई गेम्स में हांगझू में मंगोलिया के खिलाफ ऐतिहासिक 3 विकेट पर 314 रन का स्कोर बनाने के दौरान 26 छक्के जड़े थे।

जॉनी बेयरस्टो और शशांक सिंह ने 37 गेंद पर 84 रन की साझेदारी की

पंजाब के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 48 गेंद पर 8 चौके और 9 छक्के की मदद से 108 रन बनाए। वहीं शशांक सिंह ने 28 गेंद पर 8 छक्के और 2 चौके की मदद से 68 रन बनाए। दोनों ने 37 गेंद पर 84 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन सिंह ने 20 गेंद पर 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 54 रन बनाए। रिले रोसौव ने 16 गेंद पर 26 रन बनाए। कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने 24 रन देकर 1 विकेट लिए।