आईपीएल 2024 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी रोहित शर्मा से छीन कर हार्दिक पंड्या के हाथों में दे दी गई। फ्रेंचाइजी के इस स्टेप से मुंबई इंडियंस के फैंस खासे नाराज हैं। अब अंदरखाने ऐसी चीजें सामने आ रही हैं कि टीम के सपोर्ट स्टाफ में भी इसको लेकर नाराजगी है। मुंबई के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई है। पोलार्ड की उस पोस्ट को लेकर यही माना जा रहा है कि कप्तानी में हुए इस बदलाव को उन्होंने स्वीकार नहीं किया है।

क्या कहा है कीरोन पोलार्ड?

इंस्टाग्राम पर पोलार्ड ने एक Quote शेयर किया है जिसमें उन्होंने लिखा है, “जब बारिश बंद जाती है तो छाता एक बोझ लगने लगता है। ऐसे ही जब लाभ खत्म हो जाते हैं तो वफादारी भी खत्म हो जाती है।” पोलार्ड की इस पोस्ट को लेकर यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने इशारों-इशारों में फ्रेंचाइजी मालिकों पर यह तंज कसा है। पोलार्ड कहीं ना कहीं अंदरखाने इस बात से खुश नहीं हैं कि रोहित को हटाकर हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बना दिया गया।

2022 में IPL से रिटायर हुए थे पोलार्ड

कीरोन पोलार्ड की इंस्टा स्टोरी को सीधे तौर पर मुंबई इंडियंस से ही जोड़कर देखा जा रहा है। पोलार्ड आईपीएल में इस फ्रेंचाइजी के बैटिंग कोच तो हैं ही इसके अलावा भी अन्य टी20 लीग में MI के लिए खेलते हैं और कप्तानी भी कर रहे हैं। पोलार्ड ने आईपीएल से 2022 में संन्यास ले लिया था और उसके बाद अगले सीजन में वह मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच बन गए थे। उनकी इस इंस्टा स्टोरी को इस लिहाज से भी देखा जा रहा है कि कहीं पोलार्ड MI छोड़ने वाले तो नहीं।