भारतीय युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद ने आज भारतीय टीम की तरफ से डेब्यू कर लिया है। एशिया कप में आज हांगकांग के खिलाफ खेले जा रहे मैच में खलील अहमद को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने खलील अहमद को भारतीय टीम की कैप सौंपी। राजस्थान के टोंक जिले के निवासी खलील अहमद इससे पहले आईपीएल का भी हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि उन्हें अपने 2 साल के आईपीएल करियर के दौरान सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है। खलील अहमद को साल 2016 में पहली बार दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने अपने साथ जोड़ा था, लेकिन पूरे सीजन के दौरान खलील अहमद को खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद साल 2017 में खलील आईपीएल में अपना डेब्यू नहीं कर पाए थे। साल 2018 में खलील अहमद को सनराईजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने साथ जोड़ा और इस साल एक मैच में उन्हें डेब्यू करने का मौका भी मिला लेकिन वह इसमें कोई सफलता हासिल नहीं कर सके थे।
अब भारतीय टीम में खलील अहमद को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। खलील अहमद को निखारने में दिग्गज भारतीय खिलाड़ी राहुल द्रविड़ का बहुत बड़ा योगदान है। खास बात ये है कि खलील अहमद 148 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं, जो कि शानदार है। खलील अहमद ने राजस्थान की तरफ से खेलते हुए जम्मू कश्मीर के खिलाफ साल 2017 में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। अभी तक अपने प्रथम श्रेणी करियर में खलील अहमद ने 2 मैच ही खेले हैं, जिसमें उनके खाते में 2 विकेट आए हैं। अभी तक इस युवा तेज गेंदबाज ने 12 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें उनके खाते में 17 विकेट दर्ज हैं। खलील अहमद सबसे पहले साल 2016 में चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अंडर-14 राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में 4 मैचों में 26 विकेट हासिल कर सभी को प्रभावित किया था। इसी साल खलील अहमद को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 10 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था। इस दौरान राहुल द्रविड़ ने उन्हें अपनी गेंदबाजी निखारने के लिए कई अहम टिप्स दिए।
दिलचस्प बात है कि खलील अहमद के पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे। दरअसल खलील के पिता पेशे से एक कंपाउंडर हैं और उनका सपना था कि उनका बेटा डॉक्टर बने। लेकिन खलील अहमद को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था, जिसके चलते कई बार खलील को अपने पिता से मार भी खानी पड़ी थी। बहरहाल आखिरकार खलील अहमद की जिद और प्रतिभा के आगे उनके पिता को हार माननी पड़ी और उन्होंने खलील को क्रिकेटर बनने की इजाजत दे दी।