केरला ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में 5 अक्टूबर को मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ 1-1 से रोमांचक ड्रॉ खेला। ब्लास्टर्स इस ड्रॉ के बावजूद गोल अंतर के आधार पर तालिका में चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। पहले मुकाबले में ब्लास्टर्स ने एटीके को 2-0 से शिकस्त देते हुए सीजन का विजयी आगाज किया था। मुंबई के लिए इस मैच में बराबरी का गोल इंजुरी टाइम (93वें मिनट) में प्रांजल भूमिज ने किया। मेजबान टीम के लिए हालीचरण नारजरी ने गोल दागा।

ब्लास्टर्स ने दर्शकों से खचाखच भरे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार शुरुआत की और तीसरे मिनट में ही अटैक कर मुंबई के गोलकीपर एवं कप्तान अमरिंदर सिंह पर दबाव बनाया। मोहम्मद राकिप ने दाईं छोर से शानदार क्रॉस दिया और नारजरी ने गेंद को अपने नियंत्रण में लेकर सिएमिनलेन डोंगेल को पास दिया, हालांकि डोंगेल मेहमान टीम के गोलकीपर को छकाने में कामयाब नहीं हो पाए।

शुरुआत में ही बेहतरीन आक्रमण करने के कारण ब्लास्टर्स के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने अपनी तेजी को कम नहीं किया। मुंबई के खिलाड़ियों ने भी काउंटर अटैक किए लेकिन अधिक प्रभावी साबित नहीं हुए। मैच के 24वें मिनट में मेजबान टीम ने दाए फ्लैंक से अटैक किया। गोलपोस्ट की दाईं ओर से फारवर्ड खिलाड़ी सलाविसा स्तोजानोविक ने बॉक्स में ही मौजूद नारजरी को पास दिया जिन्होंने शानदार गोल करते हुए ब्लास्टर्स को 1-0 से आगे कर दिया।

पहले गोल के कारण मुंबई की टीम दबाव में नजर आई और मेजबान टीम के डिफेंस को कुछ खास परेशान नहीं कर पाई। ब्लास्टर्स ने दूसरे हाफ की शुरुआत बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ की और मुंबई के डिफेंस एवं गोलकीपर पर दबाव बनाए रखा। मेहमान टीम ने 56वें मिनट मिडफील्ड से एक बेहतरीन मूव बनाया लेकिन वह ब्लास्टर्स के युवा गोलकीपर धीरज को परेशान नहीं कर पाई।

इसके तीन मिनट बाद ही मेजबान टीम को कॉर्नर मिला। ब्लास्टर्स के खिलाड़ी ने शानदार कॉर्नर लिया जिस पर कप्तान संदेश झिंगन ने हेडर लगाया और गेंद को गोल के बाहर मार बैठे। झिंगन इस मुकाबले के साथ आईएसएल में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

मैच के अंतिम 20 मिनट में मुंबई ने मिडफील्ड में बेहतरीन खेल दिखाया जिसके कारण ब्लास्टर्स के डिफेंस पर दबाव बना। अबतक मैच में दमदार प्रदर्शन कर रहे झिंगन ने 79वें मिनट में भी अपने अनुभव का प्रयोग किया और शानदार बचाव करते हुए ब्लास्टर्स की बढ़त को बनाए रखा। 84वें मिनट में भी मुंबई ने मेजबान टीम के बॉक्स में खलबली मचाई लेकिन बराबरी का गोल इंजुरी टाइम में आया। फॉरवर्ड खिलाड़ी 19 वर्षीय भूमिज ने 93वें मिनट में 35 गज की दूरी से गोल धमाकेदार गोल करते हुए मुंबई की हार टाल दी।

Live Blog

ISL 2018 Football Live Score, Kerala Blasters FC vs Mumbai City FC Football Live Score Updates:

Highlights

    21:30 (IST)05 Oct 2018
    मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

    मैच 1-1 से ड्रॉ हो चुका है। मुंबई ने अतिरिक्त समय में गजब वापसी की।

    21:24 (IST)05 Oct 2018
    5 मिनट का अतिरिक्त समय, मुंबई ने दागा गोल

    90 मिनट का खेल समाप्त हो चुका है। यहां से 5 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया और मुंबई ने इसे भुनाते हुए 92वें मिनट गोल दाग दिया। मुंबई 1, केरल 1

    21:17 (IST)05 Oct 2018
    85 मिनट का खेल समाप्त

    85 मिनट का खेल समाप्त हो चुका है। मुंबई के पास बहुत की कम समय मुकाबले में वापसी के लिए शेष रह गया है।

    20:58 (IST)05 Oct 2018
    केरल की बढ़त कायम

    केरल ने मैच के 67वें मिनट तक बढ़त बनाई हुई है। मुंबई ने इससे पहले सिर्फ एक मैच खेला है, लेकिन उनके कोच का मानना है कि उनकी टीम जीत का खाता खोलने को लेकर दबाव में है। मुंबई 0, केरल 1

    20:41 (IST)05 Oct 2018
    दूसरे हाफ का खेल शुरू

    दूसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। मैच के 50वें मिनट तक मुंबई गोल के लिए तरस रही है।  मुंबई अभी तक कोच्चि में आईएसएल मैच नहीं जीती है। उसके हिस्से इस शहर में तीन ड्रॉ और एक हार आई है। मुंबई 0, केरल 1

    20:19 (IST)05 Oct 2018
    पहले हाफ खेल समाप्त

    पहले हाफ का खेल समाप्त हो चुका है। केरल ने मुकाबले में 1-0 की लीड बनाई हुई है। फिलहाल पहला हाफ समाप्ति की ओर है।

    20:01 (IST)05 Oct 2018
    गोल!!

    हलिचरण नर्जरी ने मैच के 24वें मिनट केरल की ओर से गोल दागा। इसी के साथ मुंबई दबाव में आ चुकी है। मुंबई 0, केरल 1

    19:55 (IST)05 Oct 2018
    20 मिनट का खेल समाप्त

    मुंबई-केरल के बीच 20 मिनट का खेल पूरा हो चुका है। फिलहाल कोई भी गोल देखने को नहीं मिल सका है। पिछले मैच में गोल करने के अलावा ब्लास्टर्स ने क्लीन शीट भी हासिल की थी और इसी कारण सर्बिया के डिफेंडर नेमांजा लाकिक पेसिक को कोच से काफी तारीफे मिल रही हैं। मुंबई 0, केरल 0

    19:44 (IST)05 Oct 2018
    पहले 10 मिनट तक गोल नहीं

    मुकाबले के पहले 10 मिनट तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी है। मुंबई अभी तक कोच्चि में आईएसएल मैच नहीं जीती है। उसके हिस्से में इस शहर में तीन ड्रॉ और एक हार आई है। पहले मैच में अपने घरेलू मैदान पर जमशेदपुर से मात खाने के बाद मुंबई की कोशिश वापसी करने की है। मुंबई 0, केरल 0

    19:40 (IST)05 Oct 2018
    मैच शुरू

    दोनों टीमों के बीच मैच शुरू हो चुका है।

    19:26 (IST)05 Oct 2018
    ब्लास्टर्स ने किया था धमाकेदार आगाज

    ब्लास्टर्स ने अपने पहले मैच में एटीके के 2-0 से मात देकर सत्र का जीत से आगाज किया था। स्ट्राइकर स्लाविसा स्टाजनोविक और माटेज पोपलाटनिक ने पहले मैच में गोल किए थे और इस मैच में यह दोनों मुंबई की रक्षापंक्ति की परीक्षा लेंगे जिसके खिलाफ जमशेदुपर ने पिछले मैच में दो गोल किये थे।

    19:18 (IST)05 Oct 2018
    आत्मविश्वास में केरला ब्लास्टर्स

    अपने पहले मैच में जीत दर्ज करके आत्मविश्वास से भरी केरला ब्लास्टर्स की टीम इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के अगले मैच में शुक्रवार को यहां अपने घरेलू मैदान जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ विजय अभियान जारी रखने की कोशिश करेगी।