अफगानिस्तान की काबुल प्रीमियर लीग में शनिवार को फैंस को कुछ ऐसा देखने को मिला जो कि क्रिकेट दुनिया में बहुत कम ही मौकों पर नजर आया है। सेदिकुल्लाह अटल ने एक ही ओवर में सात छक्के लगाकर एक नया रिकॉर्ड कायम कर लिया।

एक ओवर में जमाए 7 छक्के

शनिवार को यह मुकाबला शाहीन हंटर्स और जाजई अबासीन डेफेंडर्स के बीच खेला गया। अटल शाहीन हंटर्स का हिस्सा हैं और उन्होंने इस मुकाबले में तूफानी पारी खेली। आमिर जाजाई ने पारी का 19वां ओवर डाला। ओवर की पहली गेंद नो बॉल रही जिसपर अटल ने छक्का जमाया। इसके बाद अगली गेंद वाईड रही। अगली पांचों गेंदों पर जाजाई ने लगातार छह छक्के लगाए। इस ओवर में अटल के बल्ले से सात छक्के निकले और उन्होंने कुल मिलाकर 48 रन बनाए।

ऋतुराज गायकवाड़ ने भी किया यह कमाल

इसी तरह महाराष्ट्र के ऋतुराज गायकवाड़ ने घरेलू क्रिकेट में एक ओवर में सात छक्के लगाए थे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच के ओवर में एक नो बॉल सहित 7 छक्के जड़ दिए थे। वह यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी थे।

शाहीन हंटर्स की बड़ी जीत

अटल ने 56 गेंदों में 118 रनों की पारी खेली जिसमें सात चौके और 10 छक्के शामिल थे। उनकी पारी के दम पर टीम ने 20 ओवर में 213 रन बनाए। इसके जवाब में डिफेंडर्स की टीम 18.3 ओवर में महज 121 रन ही बना पाई। यह शाहीन हंटर्स की पहली जीत थी। वह अब अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं अबासीन डिफेंडर्स अंकतालिका में आखिरी स्थान पर है। काबुल जालमी की टीम चार में से तीन में जीत हासिल कर चुकी है और टॉप स्थान पर है।