भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरे टेस्ट के चौथे दिन शनिवार (5 जुलाई) को आकाशदीप ने बेहतरीन गेंद पर जो रूट को बोल्ड किया। हालांकि, इस गेंद पर सवाल उठ रहे थे। कहा जा रहा था कि गेंद बैकफुट नोबॉल थी। हालांकि, 5वें दिन रविवार (6 जुलाई) को यह साफ हो गया कि गेंद नोबॉल नहीं थी। ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कमेंटेटर विवेक राजदान ने बताया कि क्यों आकाशदीप की गेंद नोबॉल नहीं थी?

इंग्लैंड की दूसरी पारी के 23वें ओवर की दूसरी गेंद बैकफुट नोबॉल दी गई। प्रसिद्ध कृष्णा का बैकफुट रिटर्न क्रीज को छू गया था। इसके बाद विवेक राजदान ने बताया कि क्यों प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद नोबॉल दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि आकाशदीप की गेंद नोबॉल क्यों नहीं दी गई?

VIDEO: क्या आकाशदीप को नोबॉल पर मिला जो रूट का विकेट? जानें क्या कहता है ICC का नियम

क्यों नहीं थी आकाशदीप की गेंद नोबॉल

इस दौरान सामने से आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा के बैकफुट की लैंडिंग का वीडियो दिखाया गया। इसे देखकर पता चलता है कि लैंडिंग के समय आकाशदीप की एड़ी हवा में थी और पंजा जमीन के संपर्क में पहले आया। ऐसे में यह गेंद नोबॉल नहीं थी। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा का पैर सीधे रिटर्न क्रीज पर लैंड हुआ। इसके कारण इसे नोबॉल दिया गया। विवेक राजदान ने यह बात कही। इरफान पठान ने स्कूल ऑफ क्रिकेट में बताया कि यह गेंद नोबॉल क्यों नहीं है।

बर्मिंघम में बारिश

बर्मिंघम में बारिश के कारण भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट के 5वें दिन का खेल देर से शुरू हुआ। बारिश के कारण डेढ़ घंटे के विलंब से मैच शुरू हुआ। भारतीय टीम को 80 ओवर में 7 विकेट लेने हैं। आकाशदीप ने मैच शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही 2 विकेट झटक लिए। ओली पोप और हैरी ब्रूक को पवेलियन भेज दिया।