झूलन गोस्वामी भारतीय क्रिकेट का वो नाम जिसकी जितनी तारीफ करो कम है। बंगाल की राजधानी कलकत्ता से दूर एक छोटे से कस्बे नदिया के चकदा में जन्मी लड़की अपने आस-पास रहने वाले लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती थी। लड़कों ने धीमी गेंदबाज का तमगा लगा दिया। कुछ समय बाद वह लड़की भारतीय महिला टीम के तेज आक्रमण की अहम कड़ी बन कर उतरी। वह कोई और नहीं बल्कि झूलन गोस्वामी थीं।
पांच फुट 11 इंज की धाकड़ पर्सनलिटि के साथ झूलन गोस्वामी ने भारतीय तेज गेंदबाजी को एक नया स्वरूप दिया। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हैं और उनका नाम भारत की सबसे तेज महिला गेंदबाज में टॉप पर रहा है। झूलन गोस्वामी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। लेकिन उनका यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था।
झूलन का जन्म 25 नवंबर 1982 को पश्चिम बंगाल में नाडिया जिले के चकदा शहर में हुआ था। 15 साल की उम्र में झूलन ने क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उनके नाम 44 टेस्ट, 56 टी20 और 240 वनडे विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा 192 वनडे में उन्होंने 1162 रन और 12 टेस्ट में 291 रन भी बनाए हैं। 68 टी20 मैचों में भी उनके नाम 405 रन दर्ज हैं। यहां तक वे कैसे पहुंची अब ये जानते हैं।
दरअसल भारतीय टीम की स्टार तेज गेंदबाज ने गौरव कपूर के साथ एक बार इंटरव्यू में अपने सफर का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि कैसे उन्होंने विपरीत परिस्थितियों से निकलकर खुद को भारतीय टीम का अहम हिस्सा बनाया। उनके लिए ये सफर बिल्कुल आसान नहीं था जितना अब प्रतीत होता है।
उन्होंने इस वीडियो में बताया कि,’मेरे यहां क्रिकेट और फिर महिला क्रिकेट उसके बारे में कोई नहीं जानता था। शुरू में सभी को परिवार में समझाना बहुत मुश्किल होता था। लेकिन मेरी दादी बहुत ही सकारात्मक थीं और उन्होंने हमेशा मुझे सपोर्ट किया। उन्होंने सबसे आगे आकर मेरा साथ दिया।’
ट्रेन में ताने देते थे लोग
झूलन ने आगे बताया कि,’सबसे ज्यादा बुरा तब लगता था जब लोग ट्रेन में ताने मारते थे। कहते थे क्रिकेट खेलते हो, आपके घर वाले पागल हैं, पढ़ने की उम्र में क्रिकेट खेल रहे हो। ये काफी बुरा लगता था। लेकिन वहां मजा भी आता था। हमारा स्पोर्ट्सपर्सन का एक गैंग होता था। वो पल मैं कभी नहीं भूल सकती।’
आपको बता दें कि झूलन गोस्वामी की जिंदगी पर आधारित बायोपिक भी बन रही है। जिसका नाम है चकदा एक्सप्रेस। इस फिल्म में भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली की पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भारतीय महिला गेंदबाज का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में इस फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर लांच हुआ था।