भारत की नंबर वन महिला शटलर पीवी सिंधु का जापान ओपन बैडमिंटन में सफर खत्म हो गया। वे शुक्रवार को महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के हाथों सीधे गेमों 18-21, 15-15 से हार गईं। वहीं, पुरुष एकल में साईं प्रणीत आखिरी 4 में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो को 21-12, 21-15 से मात दी। टोक्यो में चल रहे 7.5 लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के एकल मुकाबलों में साईं प्रणीत ही भारतीय चुनौती के रूप में बचे हैं।
यामागुची के खिलाफ 16 मैचों में सिंधु की यह छठी हार है। सिंधु ने आखिरी बार यामागुची के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में जीत हासिल की थी। भारतीय शटलर ने तब यामागुची को 24-22, 21-15 से हराया था। इसके बाद दोनों के बीच दो मैच हुए। दोनों में सिंधु को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, यामागुची के खिलाफ सिंधु का करियर अब भी बेहतर है। सिंधु अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में 10 बार हरा चुकी हैं।
पुरुष एकल में साईं प्रणीत का अगला मुकाबला जापान के केंटो मोमोटा से होगा। मोमोटा दुनिया के नंबर वन पुरुष शटलर हैं। मोमोटा और साईं के बीच अब तक कुल 4 मैच हुए हैं। इनमें से साईं 2 में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। हालांकि, साईं ने किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मोमोटा के खिलाफ आखिरी जीत 10 जून 2013 को हासिल की थी। उसके बाद से दोनों के बीच 2 मैच हुए और दोनों में भारतीय शटलर को हार का सामना करना पड़ा है। मोमोटा ने साईं प्रणीत के खिलाफ पहली जीत पिछले साल 3 अगस्त को दर्ज की थी। वर्ल्ड चैंपियनशिप के उस मैच में मोमोटा ने प्रणीत को 21-12, 21-12 से हराया था।