ईरानी कप 2025 में विदर्भ की टीम ने खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। पहली पारी में अथर्व ताइडे के शतक और यश राठौड़ की 90 रनों की पारी के बदौलत टीम ने 342 रन बनाए थे। इसके बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत विदर्भ ने शेष भारत पर 128 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। शेष भारत की पूरी टीम 214 रनों पर सिमट गई। कई बड़े भारतीय नामों वाली इस टीम ने सभी को निराश किया है। इशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं।
नाम बड़े दर्शन छोटे…
अभिमन्यू ईश्वरन 52 और रजत पाटीदार 66 के अलावा कोई भी खिलाड़ी शेष भारत के लिए खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। यश ठाकुर ने विदर्भ के लिए सर्वाधिक 4 विकेट झटके। वहीं हर्ष दुबे और पार्थ रेखाडे को 2-2 सफलताएं मिलीं। इसके अलावा आदित्य ठाकरे और दर्शन नालकंडे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। शेष भारत के लिए मध्यक्रम और निचले मध्यक्रम में मौजूद भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों ने निराश किया। रुतुराज गायकवाड़ 9 रन बनाकर यश ठाकुर का शिकार बने। वहीं इशान किशन सिर्फ 1 रन ही बना पाए। इससे साबित हो गया कि यह खिलाड़ी सिर्फ नाम बड़े और दर्शन छोटे वाली कहावत को सही साबित करते हैं।
इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट में पचासा लगाने वाले आकाशदीप भी सिर्फ 14 रन बना पाए और यश ठाकुर ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। यश ठाकुर ने गुरनूर बराड़ और सारांश जैन का भी विकेट अपने नाम किया। उनकी धाकड़ गेंदबाजी के सामने शेष भारत के खिलाड़ी नहीं टिक पाए। यश की बात करें तो वह आईपीएल 2023 और 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए क्रमश: 13 व 11 विकेट ले चुके हैं। आईपीएल 2025 के लिए पंजाब किंग्स ने उन्हें खरीदा था और इस सीजन वह सिर्फ दो मैच खेलते हुए एक विकेट ले पाए थे।
दूसरी पारी में नहीं चला अथर्व ताइडे का जादू
ईरानी कप के तीसरे दिन शेष भारत की पहली पारी समाप्त हो गई और विदर्भ ने अपनी दूसरी पारी का आगाज कर लिया था। पहली पारी में 143 रन बनाने वाले अथर्व ताइडे और अमन मोखाड़े ने पारी की शुरुआत की। खबर लिखे जाने तक ताइडे का विकेट मानव सुथर ले चुके थे और वह दूसरी पारी में सिर्फ 15 रन ही बना पाए। अब देखना होगा कि विदर्भ कितने रनों का लक्ष्य शेष भारत के लिए सेट करती है जिससे उसके गेंदबाज आसानी से जीत दर्ज कर पाएंगे। या फिर शेष भारत की टीम गेंदबाजों की दम पर वापसी करने में कामयाब रहेगी। पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करने वाले भारतीय पेसर आकाशदीप से उम्मीदें होंगी।