मुंबई इंडियंस (MI) ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मार्क बाउचर को अपना हेड कोच बनाने की घोषणा की। वह इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) से यह जिम्मेदारी निभाएंगे। इस सप्ताह की शुरुआत में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने पुष्टि की थी कि बाउचर मुख्य कोच के पद को अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के बाद छोड़ देंगे।
बाउचर का एक विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में दक्षिण अफ्रीका के लिए एक लंबा और शानदार करियर रहा है। टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शिकार का रिकॉर्ड उनके नाम है। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 998 शिकार किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के एमड गिलक्रिस्ट 905 शिकार के साथ दूसरे और टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी 829 शिकार के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में शीर्ष स्तर की क्रिकेट फ्रेंचाइजी टाइटन्स के कोच के रूप में पदभार संभाला और उन्हें पांच घरेलू खिताब दिलाए।
कैसा रहा दक्षिण अफ्रीका के कोच के तौर कार्यकाल
2019 में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने मार्क बाउचर को मुख्य कोच नियुक्त किया। टीम उनके कार्यकाल में अबतक 11 टेस्ट, 12 एकदिवसीय मैच और 23 टी20 आई मैच में जीत हासिल की। बाउचर ने मुंबई इंडियंस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा, “एमआई के हेड कोच के रूप में नियुक्त होना एक सम्मान और सौभाग्य की बात है। एक फ्रेंचाइजी के रूप में उनका इतिहास और उपलब्धियां उन्हें विश्व की सबसे सफल स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी में से एक बनाती हैं। मैं इस चुनौती को लिए तैयार हूं। यह महान नेतृत्व और खिलाड़ियों की मजबूत यूनिट है। मैं इस यूनिट में अपना योगदान देने के लिए तैयार हूं।”
जयवर्धने के कार्यकाल में 3 आईपीएल खिताब जीती रोहित शर्मा की टीम
गौरतलब है कि इस हफ्ते की शुरुआत में मुंबई इंडियंस के पूर्व मुख्य कोच महेला जयवर्धने को फ्रेंचाइजी ने ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस नियुक्त किया था। उनके कार्यकाल में टीम 3 आईपीएल खिताब जीती। वह 2017 से इस पद पर थे। क्रिकेट संचालन के निदेशक रहे जहीर खान को भी नई भूमिका दी गई है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अब मुंबई इंडियंस के क्रिकेट डेवलपमेंट के ग्लोबल हेड होंगे।
आईपीएल 2022 में टीम आखिरी पायदान पर रही थी
बता दें कि मुंबई इंडियंस की एसए 20 और आईएलटी 20 में भी टीमें हो गई हैं। फ्रेंचाइजी की एसए 20 में मुंबई इंडियंस केप टाउन और आईएलटी 20 में मुंबई इंडियंस अमीरात टीम है। इन दो टीमों की वजहों से महेला जयवर्धने और जहीर खान को नई जिम्मेदारी मिली है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने अबतक 5 बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया है। आईपीएल 2022 में टीम आखिरी पायदान पर रही थी।