इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के ऑक्शन में 19 दिसंबर 2023 को उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज यश दयाल 5 करोड़ रुपये में बिके तो हर कोई हैरान रह गया। इंटरनेशनल क्रिकेट में धूम मचा चूके रिंकू सिंह की आईपीएल सैलरी को लेकर चर्चा हो गई। रिंकू भी यश की तरह डोमेस्टिक क्रिकेट में उत्तर प्रदेश से खेलते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के एक मैच के दौरान रिंकू ने यश को 5 गेंद पर 5 छक्के लगा दिए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गुजरात टाइटंस (GT) की जबड़े से जीत छीन ली थी।
1 ओवर में 5 छक्के लगना गेंदबाज के करियर को तबाह करने के लिए काफी है। ऐसा करने वाले बल्लेबाज का कद अलग ही स्तर पर पहुंच जाता है, लेकिन यश दयाल और रिंकू सिंह के मामले कहानी उल्टी ही है। आईपीएल 2023 के बाद गुजरात टाइटंस से रिलीज हुए यश की कीमत 1.80 करोड़ बढ़ गई। रिंकू रिटेन रहे और कोलकाता से उन्हें सिर्फ 55 लाख रुपये ही मिलेंगे।
यश दयाल का आईपीएल करियर
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल को आईपीएल 2022 से पहले मेगा ऑक्शन में गुजरात ने 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2022 में उन्होंने 9 मैच में 11 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 9.25 की रही। औसत 26.91 का रहा। 2023 में उन्होंने 5 मैच में 2 विकेट लिए। इकॉनमी 11.79 और औसत 42 का रहा। आईपीएल में 14 मैच में उन्होंने 13 विकेट लिए। इकॉनमी 10.02 और औसत 35.46 का है।
रिंकू सिंह का आईपीएल करियर
रिंकू सिंह 2017 से आईपीएल का हिस्सा है। पंजाब ने उन्हें 2017 में 10 लाख में खरीदा था। 2018 में कोलकाता ने उन्हें 80 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। 2022 में मेगा ऑक्शन के दौरान कोलकाता ने उन्हें 55 लाख में खरीदा। यानी रिंकू को 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। आईपीएल 2022 से पहले तक रिंकू को प्लेइंग 11 में बहुत मौका नहीं मिला। आईपीएल 2022 में 7 मैच में उन्होंने 174 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 148.72 और औसत 34.80 का रहा। आईपीएल 2023 में 14 मैच में 59.25 की औसत और 149.53 की स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए। 31 मैच में उन्होंने 36.25 की औसत और 142.16 की स्ट्राइक रेट से 725 रन बनाए हैं।
यश दयाल को रिंकू से पहले आ गया था टीम इंडिया से बुलावा
बात आती है इंटरनेशनल क्रिकेट की तो रिंकू सिंह टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम में लगभग अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। 12 मैच की 8 पारियों में 65.5 की औसत और 180.69 की स्ट्राइक रेट से 262 रन बनाए हैं। उन्होंने 19 दिसंबर को ही वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया। यश दयाल भले ही डेब्यू न कर पाए हों, लेकिन उन्हें रिंकू से पहले भारतीय टीम का बुलावा आ चुका है। यश को 2022 में बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन चोटिल होने के कारण सीरीज में नहीं खेल पाए थे।