इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 19 दिसंबर को दुबई में होने वाली नीलामी में 77 स्थान के लिए कुल 333 खिलाड़ी शामिल होंगे। आईपीएल संचालन परिषद ने फ्रेंचाइजी को 1166 खिलाड़ियों की सूची सौंपी थी। फ्रेंचाइजी की सलाह के बाद इन खिलाड़ियों की संख्या 333 कर दी गई। इनमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। दो खिलाड़ी एसोसिएट देशों के भी हैं। इस नीलामी में सभी 10 फ्रेंचाइजी कुल 262.95 करोड़ रुपए खर्च कर सकती हैं। जो 77 स्थान उपलब्ध है उनमें से 30 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।

कई नामों पर लग सकती है बड़ी बोली

जिन खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी उनमें न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र भी शामिल हैं जिनका आधार मूल्य 50 लाख रुपए है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों में तेज़ गेंदबाज़ गेराल्ड कोएत्ज़ी और बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन फ्रेंचाइजी का ध्यान खींच सकते हैं। हालांकि आर अश्विन के मुताबिक यह सब नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सबसे महंगा खिलाड़ी होगा। इस खिलाड़ी का नाम जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

मिचेल स्टार्क हो सकते हैं सबसे महंगे खिलाड़ी

अश्विन को सबसे दो खिलाड़ियों के नाम दिए गए जिसमें से उन्हें एक खिलाड़ी को चुनना था। ट्रेविस हेड और डेरिल मिचेल के बीच अश्विन ने मिचेल को चुनकर बताया कि यह खिलाड़ी ज्यादा महंगा साबित होगा। इसके बाद कई और खिलाड़ियों का नाम सामने आया। अश्विन ने मिचेल स्टार्क को पैट कमिंस, रचिन रविंद्र हसरंगा से भी महंगा खिलाड़ी बताया। हालांकि कई फैंस का मानना है कि स्टार्क इस बार अनसोल्ड भी रह सकते हैं।

कई अनजान नाम भी खींच सकते हैं ध्यान

कुछ अनजान खिलाड़ी भी फ्रेंचाइजी का ध्यान खींचने में सफल हो सकते हैं। इनमें इंग्लैंड के टॉम कोहलर कैडमोर भी शामिल हैं जिनका आधार मूल्य 40 लाख रुपए है। इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा का आधार मूल्य 1.5 करोड़ रुपए है। उनके अलावा श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका भी अच्छी कीमत हासिल कर सकते हैं। अधिकतर आईपीएल में ही खेलने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों शिवम मावी, कार्तिक त्यागी और कमलेश नागरकोटी को 20 से 30 लाख रुपए आधार मूल्य के वर्ग में रखा गया है।