इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का मेगा ऑक्शन जारी है। शुरुआती चरण में 10 मार्की प्लेयर्स पर बोली लग चुकी है और भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस सूची में सबसे महंगे खिलाड़ी बिके हैं। अय्यर को शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12.25 करोड़ की भारी कीमत पर अपने साथ जोड़ा है। वहीं इस टीम ने पैट कमिंस को भी 7.25 करोड़ में वापस अपने साथ शामिल किया है।

इसके अलावा इस लिस्ट में कगिसो रबाडा को 9.25 करोड़ की कीमत पर पंजाब किंग्स ने अपने साथ जोड़ लिया है। शिखर धवन भी 8.25 करोड़ में प्रीति जिंटा की टीम के साथ जुड़ गए हैं। इसके अलावा डेविड वार्नर (6.25 करोड़) को दिल्ली कैपिटल्स, फाफ डु प्लेसिस (7 करोड़) को आरसीबी और क्विंटन डी कॉक (6.75 करोड़) को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने अपने साथ जोड़ा है।

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 6.25 करोड़ में गुजरात टाइटंस ने और ट्रेंट बोल्ट को 8 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है। राजस्थान ने 5 करोड़ में रविचंद्रन अश्विन को भी अपने साथ शामिल कर लिया है। यानी जोस बटलर और अश्विन एक ही टीम में खेलेंगे। दोनों के साथ खेलने को लेकर कई क्रिकेटर्स और पूर्व क्रिकेटर्स सोशल मीडिया पर मजे ले रहे हैं।

Koo App
Haha Ashwin to Rajasthan. Will love him plotting a mankad with Butler.

– Virender Sehwag (@VirenderSehwag) 12 Feb 2022

अभी मार्की प्लेयर्स के पहले चरण में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स ने 10 में से 2-2 खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। इसके अलावा केकेआर ने भी कमिंस और अय्यर समेत दो खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने वार्नर, आरसीबी ने डु प्लेसिस, गुजरात टाइटंस ने मोहम्मद शमी और लखनऊ सुपरजाइंट्स ने क्विंटन डी कॉक के रूप में एक-एक खिलाड़ी अपने नाम किया है।

आपको बता दें कि आईपीएल ऑक्शन 2022 के लिए 600 खिलाड़ी शामिल हैं। जिसमें से शुरुआती चरण में 10 मार्की प्लेयर्स पर बोली लग चुकी है और अब बाकी 590 खिलाड़ियों के लिए ऑक्शन जारी है। ऑक्शन से पहले किसी टीम के पास कितनी राशि मौजूद थी उस पर नजर डालें तो:-

  • पंजाब किंग्स – 72 करोड़
  • सनराइजर्स हैदराबाद- 68 करोड़
  • राजस्थान रॉयल्स- 62 करोड़
  • लखनऊ- 60 करोड़
  • रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर- 57 करोड़
  • अहमदाबाद- 53 करोड़
  • चेन्नई सुपर किंग्स- 48 करोड़
  • मुंबई इंडियंस- 48 करोड़
  • कोलकाता नाइट राइडर्स- 48 करोड़
  • दिल्ली कैपिटल्स- 47.5 करोड़