इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के मेगा ऑक्शन का बाजार बेंगलुरू में सजा हुआ है। दूसरे दिन अभी तक विदेशी खिलाड़ियों का जोर दिखा है। अंग्रेज ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। वहीं भारतीय ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने महज 90 लाख में ही अपने साथ जोड़ लिया है।

अंग्रेज ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में राजस्थान रॉयल्स ने महज 75 लाख रुपए में खरीदा था। वहीं इस साल उन्हें करीब 10 करोड़ 75 लाख ज्यादा कीमत देकर प्रीति जिंटा की टीम ने अपने साथ जोड़ लिया है। कृष्णप्पा गौतम पिछले साल 9.25 करोड़ में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े थे और उन्हें इस बार करीब 8.35 करोड़ का नुकसान हुआ है।

लिविंगस्टोन को प्रतिशत के हिसाब से करीब 1333% का फायदा हुआ है। दूसरे दिन अभी तक की जो मुख्य बोलियां रहीं उसमें कैरेबियाई ऑलराउंडर ओडियन स्मिथ भी शामिल थे। ओडियन को भी पंजाब किंग्स ने 6 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। वहीं काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबा ने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजी ऑलराउंडर मार्को यान्सन को करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है।

वहीं भारत के युवा गेंदबाज चेतन साकरिया, नवदीप सैनी और खलील अहमद समेत कई खिलाड़ियों पर बोलियां लगीं। इसके अलावा दिग्गज क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे को भी कोलकाता नाइटराइडर्स ने 1 करोड़ के बेस प्राइज पर खरीदा।

कई बड़े नाम रहे अनसोल्ड

पहले दिन जहां सुरेश रैना, शाकिब अल हसन और स्टीव स्मिथ समेत कई बड़े खिलाड़ी अनसोल्ड रहे थे। वहीं दूसरे दिन भी अनसोल्ड रहने वाले खिलाड़ियों के नाम ने सभी को चौंका दिया। केकेआर के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन, ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले एरोन फिंच और इशांत शर्मा समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों को कोई भी खरीदार नहीं मिले।

गौरतलब है कि पहले दिन भारतीय बल्लेबाज इशान किशन (15.25 करोड़) सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे जिन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। इसके अलावा श्रेयस अय्यर को केकेआर ने 12.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था। साथ ही 5 भारतीय पेसर्स दीपक चाहर (14 करोड़), शार्दुल ठाकुर (10.75 करोड़), हर्षल पटेल (10.75 करोड़), प्रसिद्ध कृष्णा (10 करोड़) और आवेश खान (10 करोड़) ने 10 करोड़ या ज्यादा की रकम हासिल की थी।