भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर और रोहित शर्मा को क्लोज फ्रेंज प्रज्ञान ओझा ने इस बारे में अपनी राय दी कि क्या आईपीएल 2025 से पहले रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस छोड़ देना चाहिए। प्रज्ञान के मुताबिक मुंबई के सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा को किसी अन्य टीम में नहीं जाना चाहिए, लेकिन अगर ऐसा होता है कि वो टीम को छोड़ते हैं तो ये भावुक पल होगा। ऐसी कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं जिसके मुताबिक रोहित शर्मा मुंबई का साथ छोड़ सकते हैं और वो आईपीएल 2025 में नई टीम के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

रोहित को नहीं छोड़ना चाहिए मुंबई का साथ

प्रज्ञान ओझा का मानना ​​है कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस टीम का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें नहीं लगता कि फ्रेंचाइजी इस बल्लेबाज को जाने देगी, लेकिन उन्होंने ये कहा कि रोहित शर्मा प्रोफेशनल रवैया अपनाते हुए दूसरे टीम का हिस्सा बन भी सकते हैं। प्रज्ञान ने ये बातें इनसाइड स्पोर्ट्स के करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जहां तक ​​मुझे पता है, वह मुंबई इंडियंस का बहुत ही अभिन्न अंग हैं। मुझे नहीं पता कि रोहित को जाने देना उनके लिए इतना आसान होगा या नहीं और दूसरी तरफ यह रोहित के लिए बहुत ही भावनात्मक होगा, लेकिन जब आप आईपीएल की बात करते हैं, जब आप इस प्रारूप की बात करते हैं और जब आप नीलामी की बात करते हैं तो कुछ भी होना संभव है।

प्रज्ञान ओझा नहीं चाहते कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस को छोड़ें क्योंकि उन्हें लगता है कि इस बल्लेबाज ने मुंबई की सफलता में बहुत बड़ा योगदान दिया है, लेकिन उन्हें यकीन नहीं है कि वो इस टीम को छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से मैं कहूंगा कि रोहित को मुंबई इंडियंस के लिए खेलना जारी रखना चाहिए क्योंकि उन्होंने जो योगदान एक कप्तान के रूप में, एक खिलाड़ी के रूप में, आज वह जिस मुकाम पर हैं, वह कहीं न कहीं मुंबई इंडियंस से जुड़ा है। मैं तो कहूंगा कि अगर वह इस टीम में रहते हैं, तो अच्छा है, लेकिन अगर वह आगे बढ़ते हैं तो ये उनका फैसला होगा। वैसे भी फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में ऐसी चीजें होती रहती है।