आईपीएल 2025 के लिए पंजाब किंग्स ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल 2025 के लिए होने वाली मेगा नीलामी से पहले पंजाब किंग्स ने रिकी पोंटिंग को अपनी टीम का मुख्य कोच इसी महीने नियुक्त किया था। रिकी के कोच बनने के बाद इस फ्रेंचाइजी ने अपने दो सपोर्ट स्टाफ को खुद से अलग करने का फैसला किया। एक रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब किंग्स ने अपने मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस और क्रिकेट विकास प्रमुख संजय बांगर से अलग होने का फैसला किया है। गौरतलब है कि बेलिस को आईपीएल 2022 के बाद फ्रेंचाइजी का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था और संजय बांगर दिसंबर 2023 में फ्रेंचाइजी के सदस्य बने थे।
बदलाव के मूड में है पंजाब किंग्स
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की मेगा नीलामी से पहले रिकी पोंटिंग को पंजाब किंग्स का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) द्वारा मुख्य कोच के पद से हटाए जाने के कुछ ही महीनों बाद पंजाब टीम ज्वाइन कर लिया। रिकी पोंटिंग ने पीबीकेएस फ्रैंचाइजी के साथ 4 साल का करार किया है और उन्हें अपना कोचिंग स्टाफ चुनने का अधिकार दिया गया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार फ्रैंचाइजी ने ट्रेवर बेलिस और संजय बांगर से अलग होने का फैसला किया है क्योंकि वे अपने कोचिंग स्टाफ को पूरी तरह से नया रूप दे रहे हैं ताकि अपने खिताब के सूखे को खत्म किया जा सके और टीम के प्रदर्शन में सुधार किया जा सके।
पंजाब कभी नहीं बना आईपीएल चैंपियन
संजय बांगर काफी समय से इस फ्रैंचाइजी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2014 में पहली बार मुख्य कोच के रूप में काम किया था, जो 2016 तक चला। इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम व रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ काम किया और फिर पंजाब में वापस आ गए। इस बीच बेलिस को आईपीएल 2022 के बाद पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी का मुख्य कोच नियुक्त किया गया और उन्होंने अनिल कुंबले की जगह ली थी। पंजाब किंग्स साल 2008 से आईपीएल का हिस्सा बनी हुई है, लेकिन इस टीम ने एक बार भी खिताब नहीं जीता है। फ्रेंचाइजी कोशिश कर रही है कि वो टीम को ज्यादा से ज्यादा बेहतर बनाएं और आईपीएल चैंपियन बनें।