इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में शनिवार (23 मार्च) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच सबकी निगाहें 24.75 करोड़ वाले मिचेल स्टार्क पर थी, जिनका प्रदर्शन काफी खराब रहा। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने एक समय कोलकाता की लुटिया डुबो दी थी। भला हो 20 लाख के बेस प्राइस में बिके हर्षित राणा का, जिन्होंने आखिरी ओवर में 13 रन डिफेंड किए। उनके इस प्रदर्शन के बदौलत कोलकाता ने हाई स्कोरिंग रोमांचक मैच में 4 रन से जीत दर्ज की।
कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आंद्रे रसेल की विस्फोटक पारी की मदद से 7 विकेट पर 208 रन बनाए थे। सनराइजर्स की टीम 7 विकेट पर 204 रन ही बना पाई। सनराइजर्स को एक समय 3 ओवर में 60 रन की दरकार थी। हेनरिक क्लासेन और शाहबाज अहमद ने ऐसी बल्लेबाजी की कि सनराइजर्स की जीत पक्की लगने लगी। आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे। दोनों बल्लेबाज 3 गेंद के अंदर आउट हुए और हैदराबाद को हार का सामना करना पड़ा।
कोलकाता को आखिरी 3 ओवर में जीत के लिए 60 की जरूरत थी
हेनरिक क्लासेन ने 29 गेंद पर 8 छक्के की मदद से 63 रन बनाए। शाहबाज अहमद ने 5 गेंद पर 1 चौके और 2 छक्के की मदद से 16 रन बनाए। आखिरी 3 ओवर में जीत के लिए 60 की जरूरत थी। क्लासेन और शाहबाज ने वरुण चक्रवर्ती के आखिरी ओवर में 21 रन ठोक दिए। इसके बाद मिचेल स्टार्क के ओवर में 26 रन ठोके। स्टार्क ने इस मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 53 रन लुटा दिए। वरुण ने 4 ओवर में 55 रन दिए। 1 विकेट लिया।
हर्षित राणा का आखिरी ओवर
वहीं हर्षित राणा ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने आखिरी ओवर में पहली गेंद पर छक्का दे दिया था। क्लासेन ने अगली गेंद पर सिंगल लिया। हैदराबाद को 4 गेंद पर 4 रन चाहिए थे। हर्षित ने शाहबाज को पवेलियन भेजा। अगली गेंद पर मार्को यानसेन ने सिंगल लिया। फिर अगली गेंद पर हेनरिक क्लासेन आउट हुए। पैट कमिंस ने आखिरी गेंद पर बल्ला चलाया, लेकिन वह शॉट लगाने से चूक गए।
