Sikandar Raza Punjab Kings: पंजाब किंग्स ने शनिवार को मुंबई इंडियंस को हराकर सीजन में चौथी जीत दर्ज की। शिखर धवन के बगैर खेल रही इस टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले 214 रन बनाए और फिर मुंबई इंडियंस को 201 पर ही रोक दिया। मुंबई इंडियंस के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में यूं तो स्टेडियम में हर ओर नीले झंडे नजर आ रहे थे लेकिन इस बीच एक टोली ऐसी भी थी जो कि जिम्बाब्वे की जर्सी में पंजाब किंग्स को चीयर कर रही थी।

मैच देखने पहुंची जिम्बाब्वे की अंडर-19 टीम

जिम्बाब्वे की अंडर 19 टीम खासतौर पर ये मैच देखने पहुंची थी। उन्होंने अपने देश की जर्सी पहनी थी लेकिन चीयर वो कर रहे थे पंजाब किंग्स को। इसके पीछे की वजह हैं जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी सिकंदर रजा जो कि पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।

पंजाब किंग्स ने 50 लाख रुपए में इस खिलाड़ी को खरीदा था। वो इस लीग में खेलने वाले जिम्बाब्वे के तीसरे खिलाड़ी हैं। अपने स्टार बल्लेबाज को इस लीग में खेलता देख अंडर 19 टीम की खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आ रही थी।

सिकंदर रजा ने उठाया पूरा खर्च

सिकंदर रजा इन खिलाड़ियों को मैच दिखाने लाए थे। उन्होंने इन सभी का पूरा खर्चा उठाया। वो चाहते थे कि ये युवा खिलाड़ी मैच देखकर प्रेरित हो। सिकंदर प्लेइंग इलेवन का तो हिस्सा नहीं थे लेकिन फील्डिंग करने पहुंचे। वो बाउंड्री पर खड़े थे तब जिम्बाब्वे के खिलाड़ी उन्हें चीयर कर रहे थे। रजा भी उनके साथ गाना गाते नजर आए।

रजा ने खिलाड़ियों को कहा शुक्रिया

मैच के बाद सिकंदर रजा ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैच देखने आने के लिए शुक्रिया। मुझे उम्मीद है आप में से कई इस लीग में खेलेंगे। टूर के लिए शुभकामनाएं’। फैंस को सिकंदर रजा की ये अदा काफी पसंद आई और उन्होंने इसके लिए उनकी तारीफ की।