इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में पंजाब किंग्स (PBKS) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ किसी भी हालत में जीत चाहिए थी। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 213 रन का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया। यानी पंजाब को मैच जीतने के लिए प्रति ओवर कम से कम 11 रन बनाने थे। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला ओवर मेडन रहने के बाद दूसरे ओवर में कप्तान शिखर धवन डक पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह 19 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अथर्व तायडे ने लियाम लिविंगस्टोन के साथ मिलकर पारी संभाली। फिर जब टीम को 5 ओवर में 86 रन चाहिए थे तो वह रिटायर्ड आउट हो गए।

अथर्व तायडे ने 42 गेंद पर 55 रन बनाए। वह कोशिश कर रहे थे, लेकिन तेजी से रन नही बना पा रहे थे। टीम को प्रति ओवर 17 रन से ज्यादा स्कोर करने थे। ऐसे में जितेश शर्मा और शाहरुख खान जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों को मौका देने के लिए उन्होंने अपने विकेट की कुर्बानी दे दी। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने कुछ ऐसा ही पिछले साल किया था। उन्हें ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था। जब अंत में टीम को तेजी से रन बनाने की दरकार थी तो वह रिटायर्ड आउट हो गए थे।

अथर्व तायडे के रिटायर्ड आउट होना पंजाब को पड़ा भारी

हालांकि, अथर्व तायडे के रिटायर्ड आउट होना का फायदा पंजाब किंग्स (PBKS) को नहीं मिला। एक छोर से लियाम लिविंगस्टोन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर से लगातार विकेट गिरते रहे। जितेश शर्मा चक पर पवेलियन लौटे। इसके बाद शाहरुख खान ने चौके से खाता खोला, लेकिन 3 गेंद पर 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सैम करन 5 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हो गए। तायडे का रिटायर आउट होना पंजाब किंग्स को भारी पड़ गया। टीम का स्कोर 15 ओवर में 3 विकेट पर 128 रन था। इसके बाद टीम का स्कोर 18.3 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन हो गया।

पंजाब किंग्स की उम्मीदों को झटका

पंजाब किंग्स की टीम को अंत में 15 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 198 रन ही बना पाई। लियाम लिविंगस्टोन पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 48 गेंद पर 94 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के लगाए। पंजाब की टीम के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। प्लेऑफ की रेस में टीम बनी हुई है, लेकिन अब उसकी संभावना कमजोर हो गई है। वह अपना आखिरी लीग मैच जीती तो उसके 14 अंक होंगे, जो शायद काफी न हों।