Umran Malik IPL Records: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 28वें मैच में उमरान मलिक भले ही हैट्रिक से चूक गए, लेकिन उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। दूसरी ओर, इसी मैच में पंजाब किंग्स के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन ने राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर और कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की बराबरी की।

मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से उमरान मलिक आखिरी ओवर लेकर आए। उन्होंने आखिरी ओवर में 3 विकेट चटकाए। हालांकि, हैट्रिक से चूक गए। उमरान ने दूसरी गेंद पर ओडियन स्मिथ का खुद ही कैच लपक लिया। चौथी गेंद पर उन्होंने राहुल चाहर और पांचवीं गेंद पर वैभव अरोड़ा को बोल्ड कर दिया। आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह रन आउट हो गए। इस तरह आखिरी ओवर में पंजाब ने 4 विकेट गंवाए। खास यह रहा कि उमरान मलिक ने 20वें ओवर में एक भी रन नहीं दिया।

उमरान मलिक से पहले आईपीएल के इतिहास में सिर्फ तीन गेंदबाजों ने ही 20वां ओवर मेडन फेंका था। आईपीएल 2008 में इरफान पठान ने पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ, 2009 में लसिथ मलिंगा ने मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ और 2017 में जयदेव उनादकट राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेलते हुए सनराजर्स हैदराबाद के खिलाफ 20वां ओवर मेडन फेंका था। अब उमरान मलिक भी इस प्रतिष्ठित क्लब में शामिल हो गए हैं।

उमरान मलिक आईपीएल के इतिहास में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जयदेव उनादकट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उमरान ने 20वें ओवर में 3 विकेट लिए। जयदेव उनादकट ने 2017 में 20वें ओवर में 3 विकेट झटके थे। खास यह है कि उनादनकट ने यह उपलब्धि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में हासिल की थी। इस बार सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज ने यह उपलब्धि अपने नाम की है।

उमरान मलिक ने इस मैच में जितेश शर्मा और ओडियन स्मिथ को कॉट एंड बोल्ड किया। आईपीएल में यह दूसरी बार हुआ है, जबकि किसी गेंदबाज ने एक ही मैच में दो बल्लेबाजों को कॉट एंड बोल्ड किया है। इससे पहले आईपीएल 2011 में हरभजन सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दो बल्लेबाजों को कॉट एंड बोल्ड किया था।

उधर, लियाम लिविंगस्टोन ने आईपीएल 2022 में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के मामले में जोस बटलर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में आंद्रे रसेल की बराबरी की। आईपीएल 2022 में बटलर और लिविंगस्टोन ने 3-3 बार 50+ स्कोर किया है। आईपीएल 2022 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी जोस बटलर के नाम हैं। बटलर अब तक 18 छक्के लगा चुके हैं। वहीं लिविंगस्टोन अब रसेल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दोनों के 16-16 छक्के हैं।