इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस की इस सीजन सबसे ज्यादा खराब स्थिति है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 में अब तक 8 मैच खेल चुकी है, लेकिन एक में भी उसे जीत नसीब नहीं हुई है। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 की अंक तालिका में सबसे नीचे है। वहीं, चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स भी 7 मैच खेल चुकी है, लेकिन 2 में ही जीत हासिल कर पाई है।
खास यह है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की हार से उसे भी नुकसान हुआ है। उसके भी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना कम हुई है। मुंबई इंडियंस के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना की बात करें तो यह अब एक फीसदी से भी (0.00038%) कम बची है। आईपीएल 2022 में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सभी टीमों के लिए मुकाबलों की संख्या पहले की तरह 14-14 ही रखी है।
इस हिसाब से मुंबई को अब 6 मैच और खेलने हैं। वह यदि अपने बाकी संभी मैच जीतती है तो उसके खाते में 12 अंक ही होंगे, जबकि प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के लिए 14 अंक होने चाहिए। हालांकि, आईपीएल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 अंक के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था।
ऐसे में मुंबई इंडियंस को अगर 12 अंकों के साथ क्वालिफाई करना है तो उसे दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर रहना होगा। इसका मतलब है कि मुंबई इंडियंस को अपने बाकी सभी 6 मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। साथ ही अन्य टीमों के नतीजों का इंतजार भी करना होगा।
हालांकि, अगर शीर्ष 5 टीमें 14-14 अंक हासिल कर लेती हैं, तो मुंबई इंडियंस आधिकारिक रूप से IPL 2022 से बाहर हो जाएगी। मुंबई के बाकी बचे मैच राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स 4 अंक के साथ 9वें नंबर पर है। रविंद्र जडेजा आईपीएल 2022 में एमएस धोनी की विरासत को आगे बढ़ाने में विफल रहे हैं। सीएसके ने पहले 7 मैचों में केवल कुछ ही जीत हासिल की है जिसमें धोनी ने आखिरी जीत में एक बड़ी भूमिका निभाई है।
चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी 7 मैचों में 6 जीत की जरूरत है। चेन्नई सुपर किंग्स 5 जीत के साथ भी क्वालिफाई भी कर सकती है, लेकिन तब मुंबई इंडियंस की तरह बहुत कुछ उसके पक्ष में जाना होगा। चेन्नई सुपर किंग्स के बाकी मैच पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स से होने हैं।
आईपीएल 2022 की मौजूदा पॉइंट्स टेबल में गुजरात टाइटंस 7 मैच में 12 अंक के साथ शीर्ष पर है। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के 7-7 तथा लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के 8-8 मैच में 10-10 अंक हैं। हालांकि, नेट रनरेट के हिसाब से हैदराबाद दूसरे, राजस्थान तीसरे, लखनऊ चौथे और बैंगलोर पांचवें स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स के अभी 6-6 अंक हैं। दिल्ली-पंजाब ने 7-7 और केकेआर ने 8 मैच खेले हैं। वे अंक तालिका में क्रमशः छठे, 7वें और 8वें नंबर पर हैं। पूरी अंक तालिका देखने के लिए यहां क्लिक करें।