आईपीएल 2022 (IPL 2022) को लेकर इन दिनों लगातार चर्चाएं तेज होती जा रही हैं। जहां पहले ये कहा जा रहा था कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की नजरें शिखर धवन और रविचंद्रन अश्विन पर टिकी हैं। उसी बीच अश्विन के एक वीडियो ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। दरअसल अश्विन इस वीडियो में सीएसके को अपना घर बता रहे हैं। अश्विन 2008 से 2015 तक सीएसके के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं।
ये वीडियो रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल का है जिसमें वे सोशल मीडिया पर आए सवालों का जवाब दे रहे हैं। इस वीडियो का टाइटल है, 40 Shades of Ash #AskAsh यानी ये एक सवाल-जवाब का सेशन है। इसी वीडियो में उनकी आईपीएल के आगामी सीजन में सीएसके के लिए वापसी की बात भी पूछी गई।
एक यूजर ने अश्विन से पूछा कि, अगले साल CSK के लिए घर वापसी पर क्या कहेंगे अश्विन अन्ना? इस सवाल का जवाब अश्विन गोल-मोल तरह से मजाक करते हुए देना शुरू करते हैं। पहले वे कहते हैं, ‘जी हां लंबे समय से मैं चेन्नई नहीं गया। मैं अपने घर को काफी याद करते हूं। इसके बाद वे हंसते हुए कहते हैं कि क्या आप CSK के बारे में पूछ रहे हैं।’
अश्विन आगे कहते हैं कि,’सीएसके हमेशा मेरे लिए मेरे घर और स्कूल की तरह रहा है। जैसे हम क्लास दर क्लास बढ़ते हैं और हायर स्टडीज के लिए हमारे रास्ते बदल जाते हैं। ऐसा ही कुछ सीएसके के साथ है। मैं सीएसके से बहुत ज्यादा क्लोज हूं। शायद ही कोई ऐसा क्रिकेटर होगा जो सीएसके के लिए खेलने से मना कर देगा।’
गौरतलब है कि आईपीएल के आगामी सत्र के लिए मेगा ऑक्शन आयोजित होगा। इससे पहले सभी टीमों ने अपने कुछ-कुछ खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया है। लेकिन रविचंद्रन अश्विन को उनकी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने रिटेन नहीं किया था। जिसके बाद अटकलें हैं कि अश्विन अपनी सबसे पहली टीम एमएस धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स की नजरें रविचंद्रन अश्विन और दिल्ली कैपिटल्स के ही उनके साथ शिखर धवन पर टिकी हुई हैं। धवन को भी दिल्ली ने रिटेन नहीं किया था। आगामी सीजन में दो नई टीमें भी जुड़ेंगी। निश्चित ही लखनऊ और अहमदाबाद की टीमें भी इन दिग्गजों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा देंगी।