इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में एक भयानक घटना में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बल्लेबाज आयुष बदोनी का एक छक्का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की एक महिला प्रशंसक के सिर पर लग गया। गुरुवार यानी 31 मार्च 2022 को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में मैच की दूसरी पारी के दौरान ऐसा हुआ। दीपक हुड्डा के 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट होने के बाद आयुष बदोनी क्रीज पर आए थे और 19वें ओवर की पहली गेंद पर यह घटना हुई।
लखनऊ को आखिरी दो ओवर में 34 रन की दरकार थी। चेन्नई के कप्तान रविंद्र जडेजा ने 19वां ओवर फेंकने के लिए मध्यम गति के तेज गेंदबाज शिवम दुबे को गेंद थमाई। युवा खिलाड़ी ने शिवम दुबे की पहली ही गेंद पर अविश्वसनीय संतुलन दिखाया। आयुष ने शिवम की वाइड यॉर्कर पर घुटने के बल बैठकर शानदार लॉफ्टेड स्वीप लगाया। आयुष का यह शॉट 85 मीटर दूर बाउंड्री के बाहर दर्शक दीर्घा में जाकर गिरा।
दुर्भाग्य से, गेंद एक महिला प्रशंसक के सिर पर जाकर लगी। महिला प्रशंसक ने हालांकि, गेंद को हाथ से पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुईं और गेंद उनके सिर में जा लगी। बाद में जब कैमरे ने की पैनी नजर उन पर पड़ी तो उनका मूड ठीक लग रहा था। उनके साथ उनके कुछ साथी भी दिख रहे थे। हालांकि, वह कुछ दर्द में दिख रही थीं। इस लेख को लिखे जाने तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया था। आप महिला प्रशंसक के सिर में गेंद लगने की घटना का वीडियो नीचे देख सकते हैं।
आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच की बात करें तो टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी रविंद्र जडेजा की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 210 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएल राहुल की टीम ने 19.3 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
लखनऊ के आयुष बदोनी ने 2 छक्के की मदद से 9 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए। एविन लुईस प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह 23 गेंद में 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 3 छक्के लगाए। पूरी मैच रिपोर्ट यहां पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।