रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने अपने परिवार के एक सदस्य के निधन के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ‘बायो-बबल’ छोड़ दिया। पीटीआई को पता चला है कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद परिवार के सदस्य के निधन की खबर सुनने के बाद हर्षल बायो-बबल से बाहर हो गए। पिछले दो सत्र से हर्षल आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने मुंबई इंडियंस पर टीम की सात विकेट की जीत में दो विकेट चटकाए थे।

आईपीएल के सूत्र ने कहा, ‘दुर्भाग्य से, हर्षल को अपनी बहन के निधन के कारण बायो-बबल छोड़ना पड़ा। उन्होंने पुणे से मुंबई के लिए टीम बस नहीं ली।’ उन्होंने कहा, ‘वह 12 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अगले मैच से पहले बबल से जुड़ेंगे। ’ पिछले साल पदार्पण के बाद 31 वर्षीय हर्षल ने आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी बहन कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। हर्षल पटेल को बायो-बबल में वापसी करने के लिए क्वारंटीन नियमों का पालन करना पड़ सकता है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का आईपीएल 2022 में अगला मुकाबला 12 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से होना है।

हर्षल पटेल ने आईपीएल 2022 में अब तक 4 मैच में 6 विकेट लिए हैं। हर्षल पटेल आईपीएल 2021 के पर्पल कैप विजेता हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 में 15 मैच में 14.34 के औसत और 8.14 की इकॉनमी से 32 विकेट लिए थे।

हर्षल पटेल गुजरात के साणंद के रहने वाले हैं। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में वह हरियाणा की ओर से खेलते हैं। हर्षल टी20 इंटरनेशनल में इंडिया के लिए भी डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने अब तक 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 22.45 के औसत और 8.51 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए हैं।

हर्षल पटेल ने पिछले साल नवंबर में रांची में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच से टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2022 में धर्मशाला में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

हर्षल पटेल आईपीएल के इतिहास में दो ओवर मेडन फेंकने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे पहले सिराज यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।