इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन के लिए गुरुवार को चेन्नई में नीलामी हुई। नीलामी में पंजाब किंग्स (पूर्व में किंग्स इलेवन पंजाब), रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (RCB), चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK), कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR), दिल्ली कैपिटल्स (DC), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), मुंबई इंडियंस (MI), राजस्थान रॉयल्स (RR) सभी आठों फ्रैंचाइजी ने अपने स्लॉट भरने के लिए कुल 57 खिलाड़ी खरीदे। इनमें से 22 विदेशी हैं।
नीलामी में 241 खिलाड़ी नहीं बिके। नीलामी में कई नाम ऐसे भी रहे, जिन पर पैसा लुटाने के लिए फ्रैंचाइजीस में होड़ मची दिखी। वहीं, कुछ स्टार खिलाड़ी एक दो बोली में ही बिक गए। हालांकि, कुछ ऐसे भी बड़े नाम रहे, जिन्हें खरीदने के लिए फ्रैंचाइजीस ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, जबकि वे उन्हीं खिलाड़ियों पर धनवर्षा करने के लिए तैयार रहती थीं। यहां ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों के बारे में जानेंगे जो बड़े नाम होने के बावजूद नीलामी में अनसोल्ड रहे। इन सभी का बेस प्राइस एक करोड़ रुपए से ज्यादा था।
इनमें से एरोन फिंच, जेसन रॉय, एलेक्स हेल्स, शॉन मार्श, शेल्डन कॉट्रेल, मार्टिन गप्टिल जैसे दिग्गजों को किसी ने नहीं खरीदा। एरोन फिंच सीमित ओवर फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान हैं। इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) का हिस्सा रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी भी इसी सूची में शामिल रहे। ना बिकने वालों की सूची में नवोदित खिलाड़ियों के काफी नाम हैं। इनमें से अवि बरोट और केदार देवधर का नहीं बिकना चौंकाने वाला रहा। इन दोनों का ही प्रदर्शन हाल ही में पिछले महीने खत्म हुए सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट में बहुत अच्छा रहा था।
आईपीएल नीलामी पूरी होने के बाद जेसन रॉय ने ट्वीट कर अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने लिखा, इस साल आईपीएल में शामिल नहीं होना बड़े शर्म की बात है, लेकिन उन सभी दिग्गजों को बधाई देना चाहता हूं जिन्हें चुना गया। खासतौर से उन्हें जो बड़ी कीमत पर बिके। देखने में (आईपीएल) बहुत मजेदार होने वाला है।
वे बड़े नाम जिन पर फ्रैंचाइजीस ने नहीं लगाया दांव (Unsold Big Players)
खिलाड़ी | देश | बेस प्राइस |
जेसन रॉय (बल्लेबाज) | इंग्लैंड | 2.0 करोड़ रुपए |
एलेक्स हेल्स (बल्लेबाज) | इंग्लैंड | 1.5 करोड़ रुपए |
एलेक्स कैरी (विकेटकीपर) | ऑस्ट्रेलिया | 1.5 करोड़ रुपए |
आदिल राशिद (गेंदबाज) | इंग्लैंड | 1.5 करोड़ रुपए |
शॉन मार्श (बल्लेबाज) | ऑस्ट्रेलिया | 1.5 करोड़ रुपए |
एरोन फिंच (बल्लेबाज) | ऑस्ट्रेलिया | एक करोड़ रुपए |
एविन लुईस (बल्लेबाज) | वेस्टइंडीज | एक करोड़ रुपए |
शेल्डन कॉटरेल (गेंदबाज) | वेस्टइंडीज | एक करोड़ रुपए |
मार्नस लाबुशेन (ऑल-राउंडर) | ऑस्ट्रेलिया | एक करोड़ रुपए |
हनुमा विहारी (बल्लेबाज) | भारत | एक करोड़ रुपए |