आईपीएल 2020 में 52 मुकाबले हो चुके हैं। लीग स्टेज में अब सिर्फ 4 मुकाबले बाकी हैं। सभी टीमों को एक-एक मैच खेलने हैं। अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस ही प्लेऑफ में जगह बना सकी है और चेन्नई सुपरकिंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई है। बाकी 6 टीमें 3 स्थान के लिए लड़ रही है। टूर्नामेंट के 52वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) को 5 विकेट से हराकर इस रेस को और भी ज्यादा रोमांचक बना दिया। वह सातवें स्थान से सीधे चौथे पायदान पर पहुंच गया है।
हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स को पीछे छोड़ दिया। इन तीनों टीमों के पास भी प्लेऑफ में जाने का मौका है। मुंबई की टीम 18 अंक के साथ पहले पायदान पर है। आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के 14-14 अंक हैं। बेहतर रनरेट से आरसीबी दूसरे और दिल्ली तीसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच 2 नवंबर को आखिरी मुकाबला होना है। जीतने वाली टीम प्लेऑफ में जाएगी और हार वाली टीम की किस्मत रनरेट के आधार पर तय होगी। कोलकाता और राजस्थान के बीच मैच होना है। उसमें भी जीतने वाली टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी रहेगी और हारने वाली बाहर हो जाएगी।
किंग्स इलेवन पंजाब को हर हाल में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराना होगा। मैच हारने पर उसे भी बाहर का रास्ता देखना होगा। सनराइजर्स का आखिरी मुकाबला इस सीजन की सबसे मजबूत टीम मुंबई से है। उसके लिए मैच जीतना काफी मुश्किल है। जीतने पर टीम सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। रनरेट में वह अन्य टीमों से बेहतर है। लीग स्टेज के आखिरी चार मैच रोमांचक होने वाले हैं। हर मुकाबले के बाद समीकरण में बदलाव होना तय है।
अंकतालिका में टीमों की स्थिति (1 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
| क्रम | टीम | मैच | जीते | हारे | बेनतीजा | पॉइंट | नेट रनरेट |
| 1 | मुंबई इंडियंस | 12 | 8 | 4 | 0 | 16 | +1.186 |
| 2 | रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर | 13 | 7 | 6 | 0 | 14 | -0.145 |
| 3 | दिल्ली कैपिटल्स | 13 | 7 | 6 | 0 | 14 | -0.159 |
| 4 | सनराइजर्स हैदराबाद | 13 | 6 | 7 | 0 | 12 | +0.555 |
| 5 | किंग्स इलेवन पंजाब | 13 | 6 | 7 | 0 | 12 | -0.133 |
| 6 | राजस्थान रॉयल्स | 13 | 6 | 7 | 0 | 12 | -0.377 |
| 7 | कोलकाता नाइटराइडर्स | 13 | 6 | 7 | 0 | 12 | -0.467 |
| 8 | चेन्नई सुपरकिंग्स | 13 | 5 | 8 | 0 | 10 | -0.532 |
इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करें तो हैदराबाद और आरसीबी के बीच हुए मैच के बाद कोई बदलाव नहीं हुआ है। केएल राहुल पहले, शिखर धवन दूसरे, डेविड वॉर्नर तीसरे, विराट कोहली चौथे और देवदत्त पडिक्कल पांचवें स्थान पर बरकरार है। दूसरी ओर, गेंदबाजों की बात करें तो टॉप-5 में युजवेंद्र चहल दो स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट और मोहम्मद शमी को नीचे खिसका दिया।
टॉप-5 बल्लेबाज (1 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
| क्रम | बल्लेबाज | टीम | मैच | रन | हाइएस्ट | स्ट्राइक रेट |
| 1 | केएल राहुल | पंजाब | 13 | 641 | 132* | 130.54 |
| 2 | शिखर धवन | दिल्ली | 13 | 471 | 106* | 146.72 |
| 3 | डेविड वार्नर | हैदराबाद | 13 | 444 | 66 | 134.95 |
| 4 | विराट कोहली | बंगलौर | 13 | 431 | 90* | 122.09 |
| 5 | देवदत्त पडिक्कल | बंगलौर | 13 | 422 | 74 | 127.10 |
टॉप-5 गेंदबाज (1 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
| क्रम | गेंदबाज | टीम | मैच | ओवर | विकेट | इकॉनमी | रन |
| 1 | जसप्रीत बुमराह | मुंबई | 13 | 52 | 23 | 6.96 | 362 |
| 2 | कगिसो रबाडा | दिल्ली | 13 | 50.4 | 23 | 8.19 | 415 |
| 3 | युजवेंद्र चहल | बंगलौर | 13 | 49.1 | 20 | 7.15 | 352 |
| 4 | ट्रेंट बोल्ट | मुंबई | 13 | 51.2 | 20 | 8.14 | 418 |
| 5 | मोहम्मद शमी | पंजाब | 13 | 49.4 | 20 | 8.67 | 431 |
