आईपीएल के 13वें सीजन में 29 मैच पूरे हो चुके हैं। मंगलवार (13 अक्टूबर) को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 20 रन से हरा दिया। इस जीत से उसे 2 अंक मिले। 8 मैच में चेन्नई की ये तीसरी जीत है। उसे पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई की टीम इस जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। उसे एक पायदान का फायदा पहुंचा है। उसने राजस्थान को पीछे छोड़ दिया है।
दूसरी ओर, हार के बावजूद हैदराबाद की टीम पांचवें स्थान पर ही है। उसके भी 6 अंक हैं, लेकिन वह बेहतर रन रेट के आधार पर चेन्नई से आगे है। रनरेट के आधार पर ही राजस्थान की टीम चेन्नई से नीचे हो गई है। उसके भी 6 अंक है। पॉइंट टेबल में पहले स्थान पर मुंबई इंडियंस, दूसरे स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स, तीसरे पर रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और चौथे स्थान पर कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम है। सबसे कम एक जीत के साथ किंग्स इलेवन पंजाब की टीम आठवें पायदान पर है।
बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप 5 बल्लेबाजों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। केएल राहुल पहले, मयंक अग्रवाल दूसरे, फाफ डुप्लेसिस तीसरे, डेविड वॉर्नर चौथे और जॉनी बेयरस्टो पांचवें स्थान पर काबिज हैं। डुप्लेसिस के पास मयंक और राहुल को पीछे छोड़ने का मौका था, लेकिन वो जीरो पर आउट हो गए। चेन्नई के शेन वॉटसन टॉप-5 में शामिल हो गए। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 42 रन की पारी खेली थी। अंबाती रायुडू 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 41 रन बनाए थे।
गेंदबाजों में टॉप-10 में चेन्नई के युवा ऑलराउंडर सैम करन की वापसी हुई है। उन्होंने एक विकेट अपने नाम किया। दूसरी ओर, राशिद खान के पास दूसरे स्थान पर पहुंचने का मौका था। उनके 10 विकेट थे। जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट के 11-11 विकेट हैं। राशिद अगर 1 विकेट ले लेते तो वे दूसरे पायदान पर पहुंच जाते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वे चौथे स्थान पर कायम हैं। हैदराबाद के लिए दो विकेट लेने वाले टी नटराजन टॉप-10 में शामिल हो गए हैं। वे 9 विकेट के साथ नौवें स्थान पर हैं।
अंकतालिका में टीमों की स्थिति (14 अक्टूबर 2020, सुबह 09:00 बजे तक)
| क्रम | टीम | मैच | जीते | हारे | बेनतीजा | पॉइंट | नेट रनरेट |
| 1 | मुंबई इंडियंस | 7 | 5 | 2 | 0 | 10 | +1.327 |
| 2 | दिल्ली कैपिटल्स | 7 | 5 | 2 | 0 | 10 | +1.038 |
| 3 | रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर | 7 | 5 | 2 | 0 | 10 | -0.116 |
| 4 | कोलकाता नाइटराइडर्स | 7 | 4 | 3 | 0 | 8 | -0.577 |
| 5 | सनराइजर्स हैदराबाद | 8 | 3 | 5 | 0 | 6 | +0.009 |
| 6 | चेन्नई सुपरकिंग्स | 8 | 3 | 5 | 0 | 6 | -0.390 |
| 7 | राजस्थान रॉयल्स | 7 | 3 | 4 | 0 | 6 | -0.872 |
| 8 | किंग्स इलेवन पंजाब | 7 | 1 | 6 | 0 | 2 | -0.381 |
टॉप-5 बल्लेबाज (14 अक्टूबर 2020, सुबह 09:00 बजे तक)
| क्रम | बल्लेबाज | टीम | मैच | रन | हाइएस्ट | स्ट्राइक रेट |
| 1 | केएल राहुल | पंजाब | 7 | 387 | 132* | 134.84 |
| 2 | मयंक अग्रवाल | पंजाब | 7 | 337 | 106 | 158.96 |
| 3 | फाफ डुप्लेसिस | चेन्नई | 8 | 307 | 87* | 146.88 |
| 4 | डेविड वॉर्नर | हैदराबाद | 8 | 284 | 60 | 121.88 |
| 5 | जॉनी बेयरस्टो | हैदराबाद | 8 | 280 | 97 | 129.03 |
टॉप-5 गेंदबाज (14 अक्टूबर 2020, सुबह 09:00 बजे तक)
| क्रम | गेंदबाज | टीम | मैच | ओवर | विकेट | इकॉनमी | रन |
| 1 | कगिसो रबाडा | दिल्ली | 7 | 27.4 | 17 | 7.69 | 213 |
| 2 | जसप्रीत बुमराह | मुंबई | 7 | 28 | 11 | 7.92 | 222 |
| 3 | ट्रेंट बोल्ट | मुंबई | 7 | 27.2 | 11 | 8.01 | 219 |
| 4 | राशिद खान | हैदराबाद | 8 | 32 | 10 | 5.34 | 171 |
| 5 | युजवेंद्र चहल | बंगलौर | 7 | 27 | 10 | 7.07 | 191 |
