आईपीएल के 12वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स को 8 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। चेन्नई की अपने घरेलू मैदान पर पिछले 15 मैचों में यह 14वीं जीत है। महेंद्र सिंह धोनी इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने नाबाद 46 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल में ये उनका 21वां अर्धशतक है। धोनी को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। इस दौरान धोनी अपने पुराने रंग में नजर आए और एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एमएस धोनी पांचवे नंबर पर उस समय बल्लेबाजी करने आए जब टीम के 27 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे। राजस्थान के खिलाफ धोनी पहली गेंद से ही अच्छी लय में नजर आए। इस दौरान पारी का 20वां ओवर राजस्थान के तेज गेंदबाज जयदेव उनदकट गेंदबाजी करने आए। उनदकट ने पहली 3 गेंदों पर कुल 8 रन दिए जिसमें 1 छक्का शामिल था। अब बारी थी आखिरी 3 गेंदों की और सामने थे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी।
ओवर की चौथी गेंद उनदकट स्लोअर बाउंसर फेंकी जिस पर धोनी ने छक्का जड़ दिया। पांचवी गेंद को धोनी ने फिर उठाकर मारा और गेंद लॉन्ग-ऑफ पर छक्के के लिए चली गई। अब बारी थी पारी की आखिरी गेंद की लेकिन ये गेंद वाइड करार दी गई। इसके बाद धोनी ने आखिरी गेंद पर एक बार फिर छक्का जड़ अपने ही अंदाज में पारी का शानदार अंत किया। धोनी और जडजा ने मिलकर उनदकट के इस आखिरी ओवर में कुल 28 रन बटोरे। धोनी की इस शानदार पारी के दम पर चेन्नई की टीम मेहमान टीम राजस्थान को 176 रन का टारगेट देने में सफल रही। इसके जवाब में राजस्थान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में कुल 167 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से ड्वेन ब्रावो, इमराह ताहिर, शार्दुल ठाकुर और दीपक चहर ने दो-दो विकेट लिए।

