वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज पहलवान बजरंग पूनिया गीता और बबीता फोगाट की छोटी बहन संगीता फोगाट के साथ सात फेरे लेंगे। गीता और बबीता एशियाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में कई पदक जीत चुकी हैं। संगीता भी 59 किग्रा वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियन रह चुकी हैं। दोनों पहलवानों के रिश्ते को उनके परिजनों ने सहमति दे दी है। माना जा रहा है कि 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक के बाद दोनों शादी कर सकते हैं। पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार विजेता बजरंग पूनिया ने पिछले साल जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। वे वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
संगीता से बड़ी बहन बबीता फोगाट का भी पहलवान विवेक सुहाग के साथ रिश्ता पक्का हो चुका है। बजरंग इस समय ओलंपिक की तैयारियों में जुटे हुए हैं। संगीता फिलहाल राष्ट्रीय शिविर में हैं। वे चोट से उबर रही हैं। संगीता के पिता और कोच महावीर फोगाट ने बजंरग के साथ अपनी बेटी की शादी की खबर की पुष्टि की है। फोगाट बहनें 2017 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स (राष्ट्रमंडल खेलों) में एकसाथ मैट पर उतरी थीं।
हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बलाली गांव की गीता फोगाट, ऋतु फोगाट, संगीता फोगाट (तीनों सगी बहनें) और विनेश फोगाट (चचेरी बहन) फोगाट बहनों के नाम से जानी जाती हैं। गीता और विनेश की शादी पहले ही हो चुकी है। अर्जुन पुरस्कार प्राप्त और फोगाट बहनों के पिता महाबीर फोगाट ने संगीता और बजरंग की शादी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि दोनों परिवारों के बीच बेहतर रिश्ते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बच्चों के लिए खुश हूं। उनकी भावनाओं की इज्जत करता हूं। मैंने उन्हें हमेशा कहा है कि वे अपना जीवनसाथी खुद चुनें। मैं संगीता के लिए खुश हूं। इस बार में टोक्यो ओलंपिक के बाद फैसला लिया जाएगा।’
[bc_video video_id=”6069022742001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
महावीर ने कहा, ‘मैं अपनी बेटियों और पूनिया से टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद कर रहा हूं।’ झज्जर जिले के खुदान गांव के रहने वाले पूनिया ने 7 साल की उम्र में अखाड़े में कदम रख दिया था। 2015 में उनका परिवार सोनीपत में आकर रहने लगा, क्योंकि वहां पर स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया का रीजनल सेंटर है। पूनिया ने योगेश्वर दत्त से कुश्ती के दांवपेंच सीखें हैं। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद संगीता और बजरंग ने अपनी शादी के बारे में कोई बात नहीं की।
