हाल ही में एशियन गेम्स 2023 के अंदर गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह की तुलना पूर्व भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी से होने लगी है। हालांकि इसकी जानकारी जब हरमनप्रीत को लगी तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह पसंद नहीं कि उनकी तुलना इतने महान खिलाड़ी से की जाए। धोनी से हरमनप्रीत की तुलना पूर्व हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै ने की थी।
मैं धोनी की तरह शांत नहीं रहता- हरमनप्रीत
धोनी से तुलना किए जाने पर हरमनप्रीत सिंह ने कहा है कि वह उनकी तरह ग्राउंड पर शांत नहीं रहते, बल्कि आक्रामक रहते हैं। हालांकि ग्राउंड के बाहर वह काफी शांत हैं। पीटीआई से बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, “मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि मेरी तुलना धोनी जैसे महान खिलाड़ी से हुई लेकिन मैं मैदान पर उतना कूल नहीं रहता और उनसे मेरी तुलना करना सही नहीं।”
पिल्लै ने की थी हरमनप्रीत की धोनी से तुलना
बता दें कि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में जब भारतीय हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया तो पूर्व भारतीय हॉकी प्लेयर धनराज पिल्लै ने कहा था कि हरमनप्रीत इस वक्त भारतीय हॉकी टीम के एमएस धोनी हैं जो पीछे रहकर अपना काम करते हैं और अन्य खिलाड़ियों को गाइड भी करते हैं। पिल्लै ने कहा था कि जज्बात उस खिलाड़ी पर हावी नहीं होते, वह भारतीय हॉकी के एमएस धोनी हैं जो दबाव में भी शांत रहते हैं।
हॉकी टीम ने ओलंपिक के लिया किया क्वालिफाई
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2023 में ना सिर्फ गोल्ड मेडल जीता बल्कि पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालिफाई भी कर लिया। भारत ने फाइनल में जापान को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उस जीत को याद करते हुए हरमनप्रीत ने कहा है, “एक खिलाड़ी के तौर पर आप कभी संतुष्ट नहीं रहते । आपको अपना सपना पता होता है। गोल्ड जीतने के बाद अगली बार उसे बरकरार रखना चाहेंगे। पिछली बार हमने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं करने का दवाब झेला था।”
