भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने वाली हैं। रानी लंबे बीते लगभग 3 साल से ‘टीम इंडिया’ से बाहर हैं। जनसत्ता.कॉम को पता चला है कि रानी रामपाल दिल्ली में होने वाले भारत-जर्मनी मैच के दौरान अपने फैसले का ऐलान करेंगी।
भारत के लिए खेले 254 मैच
हरियाणा की रहने वाली रानी रामपाल ने साल 2008 में टीम इंडिया में डेब्यू किया था। उन्होंने 254 मुकाबलों में 120 गोल किए। वह साल 2018 में एशियन गेम्स में सिल्वर और 2014 के एशियाड में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं। रानी की कप्तानी में भारत ने टोक्यो ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था।
टोक्यो ओलंपिक के बाद से टीम से बाहर
ओलंपिक के बाद तत्कालीन कोच श्योर्ड मरीन्ये अपने पद से हट गए थे और उनकी जगह यानेक शॉपमैन जिम्मेदारी संभाली थी। ऐसा माना जाता है कि यानेक और रानी के बीच रिश्तों में तल्खी थी। उस दौरान रानी रामपाल चोट से भी जूझ रही थीं। शायद यह वजह थी कि साल 2022 में गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों में 6 मुकाबलों में 18 गोल करने के बावजूद उनकी ‘टीम इंडिया’ में वापसी नहीं हुई।
कोच के साथ रिश्तों में रही खटास
यानेक ने कई बार रानी की तारीफ की, लेकिन हर बार यही कहा कि फिलहाल टीम में उनकी जगह नहीं बन रही। शॉपमैन ने जब महिला हॉकी टीम के कोच का पद छोड़ा तो उन्होंने कहा था कि रानी को टोक्यो के बाद ही खेल को अलविदा कह देना चाहिए था। रानी चोटिल होते हुए टोक्यो ओलंपिक खेली और उन्होंने किसी को नहीं बताया। शॉपमैन के मुताबिक, रानी रामपाल ने कभी उनकी बात नहीं मानी।
दूसरी ओर रानी रामपाल वापसी के लिए प्रतिबद्ध थीं। उन्होंने पिछले साल अंडर-17 का कोच बनने के बाद भी यह प्रतिबद्धता जाहिर की थी। उस दौरान अपने संन्यास को लेकर उन्होंने कहा था, ‘मैं कभी हार नहीं मानना चाहती। अगर ऐसा होता तो मैं ओलंपिक के बाद सब कुछ छोड़ देती।’
रिटायरमेंट से पहले ही की नई पारी की शुरुआत
रानी रामपाल रिटायरमेंट के ऐलान से पहले ही अपनी नई पारी की शुरुआत कर चुकी हैं। जूनियर टीम के बाद वह हॉकी इंडिया लीग (Hockey India League) में भी कोचिंग स्टाफ के तौर पर दिखेंगी। सूरमा क्लब ने उन्हें बतौर मेंटर और हॉकी कोच चुना है। वह महिला टीम के साथ नजर आएंगी। 15 अक्टूबर को महिला टीम का ऑक्शन है जहां रानी भी नजर आएंगी।
सूत्रों की मानें तो हॉकी इंडिया लीग (HIL) नीलामी के बाद होने वाले भारत बनाम जर्मनी टेस्ट सीरीज के दौरान रानी रामपाल ने अपने संन्यास का ऐलान करने का मन बनाया है। इस मौके पर हॉकी इंडिया ने उन्हें सम्मानित करने की भी योजना बनाई है।