इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हुए एशियन सेलिंग चैंपियनशिप में भारत का जलवा छाया रहा। यहां मंगलवार (25 जून) को भारत ने यह प्रतियोगिता जीतते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। भारत के लिए वरुण ठक्कर और केसी गणपति की जोड़ी ने गोल्ड जीता। ठक्कर और गणपति की जोड़ी ने इस चैंपियनशिप में हुई 10 रेसों में से 5 में पहला स्थान प्राप्त किया था तो वहीं तीन में दूसरे स्थान पर कब्जा किया था।

वहीं महिलाओं के ग्रुप में भारत की तरफ से श्वेता प्रभाकर शेरवेगर और वर्षा गौतम की जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा भारत की ही एकता यादव और शैला चार्ल्स ने ब्रान्ज मेडल पर कब्जा किया। एशियन सेलिंग चैंपियनशिप में नौकायन (नांव) चलाने वाले खिलाड़ी भाग लेते हैं। इसमें इस बार भारत की तरफ से कुल 29 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 8 खिलाड़ी मध्य प्रदेश के थे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया। यह चैंपिनयशिप जकार्ता में 18 जून से 25 जून के बीच हुई। इसमें 15 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

पुरुष वर्ग में थाइलैंड के डॉन विचक्राफ्ट औऱ डायलान विचक्राफ्ट की जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा जापान के शिंगेन फुरुया औक शिंजी हाचियामा की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। महिला वर्ग में सिंगापुर की किम्बेर्ली लिम मिन और सेसिलिया लॉ की जोड़ी ने गोल्ड जीता। एशियन सेलिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन करने पर राज्य के खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को अन्य प्रतियोगिताओं में भी इस तरह का प्रदर्शन करना चाहिए।