भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को वड़ोदरा के रिलायंस स्टेडियम में खेले गए वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 6 रन से हरा दिया। इसके साथ ही उसने तीन वनडे की सीरीज 3-0 से अपने नाम की। सीरीज के पहले मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट, जबकि दूसरे वनडे में 5 विकेट से हराया था।

भारत की इस जीत में उसकी गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। उन्होंने मेहमान टीम को 147 रन का छोटा सा लक्ष्य नहीं हासिल करने दिया। एकता बिष्ट ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। मानसी जोशी, हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्ज भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहीं।

इससे पहले भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। भारत की पूरी टीम 45.5 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उनके अलावा शिखा पांडेय ने 35, पूनम राउत ने 15, मानसी जोशी ने 12 और कप्तान मिताली राज ने 11 रनों का योगदान दिया। टीम की 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाईं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मैरीजाने कैप सबसे सफल रहीं। उन्होंने 20 रन देकर 3 विकेट लिए। शबनम इस्माइल 18 रन देकर 2 विकेट लेने में सफल रहीं। अयाबोंगा खाका ने भी 33 रन देकर 2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं हुई। दक्षिण अफ्रीका के खाते में 17 रन ही जोड़े थे कि लिजले ली 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। टीम का स्कोर जब 31 रन था तब त्रिषा चेट्टी ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। 63 रन तक पहुंचते-पहुंचते दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद कप्तान सने लुस और मैरीजाने कैप ने छठे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। इस जोड़ी को एकता बिष्ट ने तोड़ा। उन्होंने अपनी ही गेंद पर लुस को कैच किया। इसके बाद नियमित अंतराल पर दक्षिण अफ्रीका के विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 48 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई।

Live Blog

16:02 (IST)14 Oct 2019
भारत ने किया सूपड़ा साफ

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6 रन से हरा दिया। इसके साथ ही उसने 3 मैच की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम की। भारत ने पहला वनडे 8 विकेट से जीता था। दूसरे वनडे में भी उसने 5 विकेट से जीत हासिल की थी।

15:54 (IST)14 Oct 2019
कांटे का मुकाबला

दक्षिण अफ्रीका के 9 विकेट गिर चुके हैं। उसकी आखिरी जोड़ी क्रीज पर है। उसे 18 गेंद पर जीत के लिए 8 रन और चाहिए। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्लीन स्वीप करने के लिए 1 विकेट चाहिए।

15:15 (IST)14 Oct 2019
दक्षिण अफ्रीका को 7वां झटका

मैरीजाने कैप 29 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें दीप्ति शर्मा ने एलबीडब्ल्यू किया। वे जब आउट हुईं तब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे। भारतीय टीम की कोशिश अब भी मैच जीतने की होगी।

14:43 (IST)14 Oct 2019
साउथ अफ्रीका के विकेटों का सिक्सर

103 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका महिला टीम को छठां झटका लगा है और सून लूल अपना विकेट गंवा बैठी हैं। अभी जीत के लिए साउथ अफ्रीका को 44 रन चाहिए।

14:36 (IST)14 Oct 2019
100 के पार साउथ अफ्रीका

148 रनों के जवाब में साउथ अफ्रीका की महिला टीम ने 5 विकेट खोकर 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इंडिया को जीत की दरकार हैं। 

14:02 (IST)14 Oct 2019
लॉरा गुडऑल भी पवेलियन लौटीं

दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट आसान लक्ष्य का पीछा करने में असफल होती दिख रही है। उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। पांचवें बल्लेबाज के तौर पर लॉरा गुडऑल पवेलियन लौटीं। वे 6 रन ही बना पाईं।

13:53 (IST)14 Oct 2019
सधी हुई गेंदबाजी कर रहीं भारतीय गेंदबाज

छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका 4 विकेट गंवा चुकी है। उसकी इस हालत के लिए भारतीय गेंदबाज जिम्मेदार हैं। मानसी जोशी, एकता बिष्ट, दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ एक-एक विकेट अपने नाम कर चुकी हैं।

12:11 (IST)14 Oct 2019
दक्षिण अफ्रीका को 147 रन का लक्ष्य

आखिरी विकेट के तौर पर मानसी जोशी आउट हुईं। उन्होंने 2 चौके की मदद से 20 गेंद पर 12 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 147 रन का लक्ष्य मिला है।

12:10 (IST)14 Oct 2019
टीम इंडिया ऑलआउट

भारतीय टीम 45.5 ओवर में 10 विकेट पर 146 रन ही बना पाई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से शबनम इस्माइल और अयाबोंगा खाका ने 2-2 विकेट लिए। मैरीजाने कैप 3 विकेट लेने में सफल रहीं।

12:07 (IST)14 Oct 2019
6 रन पर आउट

अगले ही ओवर में एकता बिष्ट भी पवेलियन पहुंच गईं। उन्हें अयाबोंगा खाका ने ली के हाथों कैच कराया। वे अपने खाते में सिर्फ 6 रन ही जोड़ पाईं। उनकी जगह राजेश्वरी गायकवाड़ ने क्रीज संभाली।

12:03 (IST)14 Oct 2019
शिखा भी नहीं पहुंच पाईं शिखर पर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 8वां झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहीं शिखा पांडेय पवेलियन लौटीं। उन्होंने 6 चौके की मदद से 40 गेंद पर 35 रन बनाए। वे जब आउट हुईं, तब भारत के खाते में 133 रन जुड़े थे।

11:45 (IST)14 Oct 2019
हरमनप्रीत नहीं खेल पाईं बड़ी पारी

हरमनप्रीत और शिखा जब टीम को 150 के पार ले जाती दिख रही थीं, तभी कप्तान मैरीजाने कैप ने हरमनप्रीत को बोल्ड कर दिया। वे अपना अर्धशतक नहीं पूरा कर पाईं। उन्होंने 76 गेंद पर 38 रन बनाए।

11:43 (IST)14 Oct 2019
तानिया भी नहीं कर पाईं कुछ खास

तानिया भाटिया भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाईं। वे महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उनके आउट होने के बाद शिखा पांडेय मैदान पर आईं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर टीम के स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

10:40 (IST)14 Oct 2019
तानिया का रिकॉर्ड अच्छा नहीं

दीप्ति शर्मा के आउट होने पर तानिया भाटिया ने क्रीज संभाली। तानिया भाटिया का बल्लेबाजी रिकॉर्ड प्रभावशाली नहीं है। वे 11 वनडे में अब तक 25.25 के औसत से महज 101 रन ही बना पाईं हैं।

10:34 (IST)14 Oct 2019
भारत को लगा 5वां झटका

भारतीय टीम के विकेटों का गिरना लगातार जारी है। मिताली राज के आउट होने के बाद टीम के स्कोर में सिर्फ 16 रन ही जुड़े थे कि दीप्ति शर्मा भी पवेलियन लौट गईं। उन्हें शबनम इस्माइल ने ली के हाथों कैच कराया।

10:13 (IST)14 Oct 2019
मिताली राज ने तोड़ी उम्मीदें

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के आखिरी और तीसरे वनडे में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हालत खराब है। अभी सिर्फ 17 ओवरों का मैच हुआ है और भारतीय टीम अपने चार अहम विकेट गंवा चुकी है। आउट होने वाली चौथी बल्लेबाज मिताली राज रहीं। उन्हें मैरीजाने कैप की गेंद पर शबनम इस्माइल ने कैच किया। वे 46 गेंद पर 11 रन ही बना पाईं।

10:03 (IST)14 Oct 2019
मिताली और हरमनप्रीत

पूनम राउत के आउट होने पर हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आईं हैं। दूसरे छोर पर मिताली राज हैं। इस साल महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इन दोनों खिलाड़ियों के बीच मतभेद की खबरें आईं थीं।

09:59 (IST)14 Oct 2019
साउथ अफ्रीका महिला टीम

सने लुस (कप्तान), लिजेल ली, लॉरा वोल्वार्ड्ट, तृषा चेट्टी (विकेटकीपर), मिग्नन डु प्रीज, लारा गुडाल, मैरीजाने कैप, शबनम इस्माइल, अयाबोंगा खाका, तुमी सेखुखुनी, नोनदुमिसो शांगसी।

09:59 (IST)14 Oct 2019
भारतीय महिला टीम

मिताली राज (कप्तान), प्रिया पूनिया, जेमिमा रोड्रिग्ज, पूनम राउत, हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), शिखा पांडेय, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़ और मानसी जोशी।

09:55 (IST)14 Oct 2019
भारत को लगा तीसरा झटका

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हालत पतली है। उसका तीसरा विकेट भी गिर चुका है। 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अयाबोंगा खाका ने पूनम राउत को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 33 गेंद पर 15 रन बनाए।

09:20 (IST)14 Oct 2019
मिताली से उम्मीद

प्रिया पुनिया और जेमिमा रोड्रिग्ज के आउट होने पर पूनम राउत और मिताली राज ने क्रीज संभाली है। दोनों अभी संभलकर बल्लेबाजी कर रही हैं। मिताली ने पिछले मैच में 66 रन बनाए थे। इस मैच में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।

09:15 (IST)14 Oct 2019
दो ओवर में दो विकेट

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, उसका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। टीम इंडिया ने शुरुआती दो ओवर में अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। ओपनर प्रिया पुनिया बिना खाता खोले और जेमिमा रोड्रिग्ज 3 रन बनाकर आउट हुईं।