Indian Hockey Team Win Agianst New Zealand: भारत की पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो में हुए ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट को अपने नाम किया। चार देशों के इस टूर्नामेंट में उसने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की।

भारतीय टीम के लिए यह जीत इस लिहाज से भी अहम है, क्योंकि राउंड रॉबिन स्टेज के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। खिताबी मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह, नीलकांत शर्मा, गुरसाहिबजीत सिंह और मनदीप सिंह ने गोल किए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ गोल करने की शुरुआत कप्तान ने की। भारत को 7वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिली और हरमनप्रीत ने इस गोल में बदलते हुए टीम का खाता खोल दिया। इसी मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन तब भारतीय टीम गोल करने में असफल रही थी। पहले क्वार्टर का अंत भारतीय टीम के पक्ष में 1-0 के स्कोर के साथ हुआ।

दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट (कुल 18वां मिनट) में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। शमशेर ने इस मौके का फायदा उठाया और गोल कर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी। भारत ने अगले तीनों गोल भी इसी क्वार्टर में किए। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम दूसरे क्वार्टर में भारत के सर्कल में दो बार घुसने में तो कामयाब रही, लेकिन गोल करने की कोशिश असफल रही।

नीलकांत ने 22वें मिनट में गोल दागकर विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ा दिया। इसी क्वार्टर यानी 26वें मिनट में गुरसाहिबजीत ने गोल दाग दिया। अब भारत का स्कोर 4-0 हो चुका था। अगले ही मिनट में मनदीप सिंह ने गोलकर भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ 5-0 की बढ़त बना दी।

[bc_video video_id=”6074365404001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

तीसरे और चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं। आखिरी क्वार्टर ने न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने तेज हॉकी खेली, लेकिन भारत के डिफेंस के आगे उनकी एक नहीं चली। भारतीय डिफेंडरों ने उन्हें ऐसा कोई मौका नहीं दिया, जिससे वे अपनी टीम का खाता खोलने में सफल हो पाते। भारतीय हॉकी टीम ने इस टूर्नामेंट में 4 मैच खेले। इनमें से 3 में जीत हासिल की।