भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में धमाल मचाने वाले खिलाड़ियों में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी हैं। 294 मैचों में 9442 बना चुके धोनी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और मुकाम अपने नाम किया। धोनी वनडे क्रिकेट में 200 छक्के मारने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। अपने हेलिकॉप्टर शॉट के लिए मशहूर धोनी ने फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 332 छक्के मारे हैं और इस फेहरिस्त में वह पांचवे नंबर पर हैं।
इससे पहले धोनी के प्रदर्शन पर काफी सवालिया निशान उठते रहे हैं। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने आलोचकों को कड़ा जवाब देते हुए 79 गेंदों में 78 रन ठोक डाले। उन्हीं की पारी की बदौलत भारत मैच में निर्धारित 50 ओवरों में 251 रन बना सका। धोनी ने अपनी पारी में 4 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। गौरतलब है कि कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी काफी स्वतंत्र होकर खेलने लगे हैं। उनकी जगह विराट कोहली ने ली है। आंकड़े भी इसी चीज की गवाही देते हैं। 2017 में कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी की औसत 55 और स्ट्राइक रेट 100.61 का है।
हालांकि उनकी आलोचना कम नहीं हुई है। आईपीएल खत्म होने के बाद पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा था, मुझे नहीं लगता कि धोनी टी20 के अच्छे खिलाड़ी हैं। वह एक चैम्पियन वनडे खिलाड़ी हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट में, पिछले 10 साल में उन्होंने सिर्फ एक हाफ सेंचुरी जड़ी है, जो एक बहुत अच्छा रिकॉर्ड नहीं है। वहीं पूर्व अॉस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा था कि धोनी को खुद के लिए रन बनाने पड़ेंगे। बतौर प्रोफेशनल उन्हें रन बनाने होंगे।
गौरतलब है कि धोनी ने साल 2013 में ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए हैं, जिसमें 224 रन की पारी उनका सर्वश्रेष्ठ है। धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं 76 वनडे में धोनी ने 1209 रन ठोके हैं, जिसमें 56 रन उनका सर्वाधिक है। धोनी ने अब तक टी20 में कोई शतक नहीं लगाया है।

