विकेटकीपिंग में महेंद्र सिंह धोनी के हाथों का जादू शायद ही किसी ने न देखा हो। गोली की रफ्तार से उनकी स्टंपिंग करने की क्षमता का हर कोई कायल है। भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज के दूसरे मैच में भी धोनी की स्मार्ट स्टंपिंग का नजारा देखने को मिला। 311 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की हालत पस्त दिखी। 174 रन पर उसके 5 विकेट गिर चुके थे। बॉलिंग करने आए कुलदीप यादव के सामने थे जे होल्डर। उन्होंने इस चाइनामैन बॉलर की गेंद पर आगे बढ़कर जैसे ही मारने की कोशिश की, बॉल सीधे महेंद्र सिंह धोनी के दस्तानों में चली गई और धोनी एक सेकंड तक बल्लेबाज को देखते रहे और फिर उन्होंने गिल्लियां बिखेर दीं। धोनी अकसर बहुत तेज स्टपिंग के लिए जाने जाते हैं। लेकिन यह शायद धोनी के करियर की सबसे धीमी स्टंपिंग थी। कुलदीप ने इस मैच में 9 ओवर फेंके और 50 रन देकर 3 विकेट झटके थे।

अजिंक्य रहाणे (103) के शतक, कप्तान विराट कोहली (87) और शिखर धवन (63) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच में मेजबान वेस्टइंडीज को 105 रनों से हरा दिया। वेस्टइंडीज की पूरी टीम 205 रनों पर ही अॉल आउट हो गई। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने ऊपरी क्रम के दम पर निर्धारित 43 ओवरों में पांच विकेट खोकर 310 रन बनाए थे। बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और इसी कारण मैच के ओवरों की संख्या 50 से घटाकर 43 कर दी गई थी।

देखें वीडियो ः

रहाणे ने 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से वेस्टइंडीज की बॉलिंग लाइन अप की बखिया ही उधेड़ दी। धवन के जाने के बाद रहाणे को कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। 34वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने ऐसा ही खूबसूरत शॉट खेल अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक पूरा किया। लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर वह मिग्युएल कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 103 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा दो छक्के लगाए। उन्होंने कोहली के साथ 97 रनों की साझेदारी की। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 5 ओवरों में 9 रन देकर एक विकेट झटका। वहीं अश्विन को 1 और कुलदीप को तीन विकेट मिले।