विकेट के पीछे बिजली की रफ्तार से बल्लेबाज को स्टंप आउट करने में महेंद्र सिंह धोनी का कोई जवाब नहीं है। बड़े-बड़े बल्लेबाज अगर क्रीज से थोड़ा भी बाहर निकलते हैं, तो धोनी गिल्लियां बिखेरने में देर नहीं लगाते। वेस्टइंडीज दौरे पर धोनी ने कई बार बल्लेबाजों को चौंकाते हुए उन्हें स्टंप आउट किया है। तीसरे वनडे में 79 गेंदों पर 78 रनों की धुआंधार पारी के बाद धोनी ने दस्तानों से भी शानदार प्रदर्शन किया।
251 रनों का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को भारतीय गेंदबाजों ने ढेर कर दिया और मेहमान देश 93 रनों से जीत गया। विंडीज बल्लेबाजों की शुरुआती बेहद खराब रही और उसके 84 रनों पर 4 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद टीम को संभालने की जिम्मेदारी थी, कप्तान जेसन होल्डर के कंधों पर। लेकिन वह टीम की नैया पार लगाने में नाकाम रहे। मैच के 20वें ओवर में जब अश्विन गेंद डालने आए तो उन्होंने उस पर एक शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन बॉल उनसे मिस हो गई और महेंद्र सिंह धोनी ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। धोनी वनडे क्रिकेट में 100 स्टंपिंग करने वाले पहले बल्लेबाज बनने से महज 3 कदम दूर हैं।
देखें वीडियो ः
https://twitter.com/lKR1088/status/880874871806447616
दूसरे वनडे में भी जेसन होल्डर धोनी का ही शिकार बने थे। 311 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की हालत पस्त हो चुकी थी। 174 रन पर उसके 5 विकेट गिर चुके थे। बॉलिंग करने आए कुलदीप यादव के सामने थे होल्डर। उन्होंने इस चाइनामैन बॉलर की गेंद पर आगे बढ़कर जैसे ही मारने की कोशिश की, बॉल सीधे महेंद्र सिंह धोनी के दस्तानों में चली गई और धोनी एक सेकंड तक होल्डर को देखते रहे और फिर उन्होंने गिल्लियां बिखेर दीं। धोनी भले ही बहुत तेज स्टपिंग के लिए जाने जाते हों, लेकिन यह शायद धोनी के करियर की सबसे धीमी स्टंपिंग थी।
गौरतलब है कि धोनी 300 वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होने से महज कुछ ही कदम दूर हैं। इससे पहले चैम्पियंस ट्रॉफी में युवराज सिंह ने अपना 300वां वनडे मैच खेला था। अब तक भारत की ओर से सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन 300 वनडे खेल चुके हैं। धोनी श्रीलंका के कुमार संगकारा के सबसे ज्यादा स्टंप करने के रिकॉर्ड से सिर्फ 2 कदम दूर हैं।
दूसरे वनडे में यूं आउट हुए थे होल्डर:
Master class bowling by #kuldeepyadav and smart stamping by #MSDhoni #IndvsWI pic.twitter.com/6VE576xBLc
— Mśđìáñ_Řåj© (@callmesandipan) June 25, 2017

