भारतीय टीम 20 अगस्त से 5 वनडे सीरीज का आगाज करने जा रही है। इस सीरीज में महेंद्र सिंह धोनी विश्व रिकॉर्ड रचने की कगार पर भी हैं। सबसे रोचक बात ये है कि ये कीर्तिमान वो कुमार संगाकारा का रिकॉर्ड तोड़कर बनाएंगे। वो भी उनके ही घर में। जी हां, महेंद्र सिंह धोनी जल्द 100 स्टंपिंग करने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल उनसे ऊपर कुमार संगाकारा हैं, जिन्होंने 404 मैचों में 99 स्टंप आउट किए हैं। धोनी (97) इस मामले में सांगाकारा से महज 2 ही कदम पीछे हैं।
बता दें कि श्रीलंका को उसी की धरती पर 3-0 से हराकर भारतीय टीम ने इतिहास रचा था। यह पहली बार हुआ जब भारत ने किसी विदेशी जमीन पर 3-0 से सीरीज जीती है। भारतीय क्रिकेट के 85 वर्ष के इतिहास में अब तक भारत ने 2004 में बांग्लादेश और 2005 जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्विप किया था, लेकिन वो दो मैचों की टेस्ट सीरीज थी।
भारत ने 20 अगस्त से लेकर 6 सितंबर तक श्रीलंका के खिलाफ 5 वनडे और एक टी20 मैच खेलना है। इसके बाद भारतीय टीम आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ सीरीज खेलेगा। इन सीरीज के बाद भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी।
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने 296 वनडे मैचों में 88.07 की स्ट्राइक के साथ 9496 रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी ने 10 शतक और 64 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं बात टेस्ट की करें तो 90 मैचों में उन्होंने 16 बार नाबाद रहते हुए 4876 रन बनाए हैं। धोनी वनडे और टेस्ट को मिलाकर 529 कैच और 132 स्टंप आउट कर चुके हैं।
सबसे अधिक स्टंपिंग करने वाले विकेटकीपर :
1) कुमार संगाकारा (श्रीलंका) – 99
2) महेंद्र सिंह धोनी (भारत) – 97
3) रोमेश कालुविथराना (श्रीलंका) – 75
4) मोइन खान (पाकिस्तान) – 73
5) एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) – 55

