India vs Sri Lanka 1st Test 3rd Day: भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैच की सीरीज का पहला टेस्ट मैच मोहाली में खेला गया। इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी में पहली बार टेस्ट मैच खेलनी उतरी भारतीय टीम ने मेहमानों को पारी और 222 रनों से मात दी। भारत ने तीसरे दिन ही यह मैच खत्म कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है।

भारत के लिए इस मैच में जीत के हीरो रहे रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन। दोनों भारतीय स्पिनर्स ने इस मुकाबले में 20 में 15 विकेट अपने नाम किए। रविंद्र जडेजा ने इस मैच में 175 रन नाबाद बनाने के बाद 9 विकेट झटके। वहीं अश्विन ने भी 61 रनों की पारी खेलने के बाद कुल 6 विकेट अपने अपने नाम किए। मोहम्मद शमी ने पहली पारी में एक और दूसरी पारी में दो विकेट लिए। पहली पारी में दो विकेट लेने वाले उपकप्तान जसप्रीत बुमराह को दूसरी पारी में एक भी विकेट नहीं मिला।

श्रीलंका के लिए पहली पारी में पथुम निसंका ने नाबाद 61 रन बनाए थे। वहीं दूसरी पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला 51 रन पर नाबाद रहे। भारतीय गेंदबाजों ने दोनों पारियों में मिलाकर श्रीलंका के कुल 6 विकेट बिना खाता खोले ही निकाले। पहली पारी में चार बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए थे और दूसरी पारी में दो बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए।

भारत दो मैचों की सीरीज में अब 1-0 से आगे हो गया है। अब दूसरा टेस्ट मैच 12 से 16 मार्च तक बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले टी20 सीरीज में भारत ने मेहमानों को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था।

Match Ended

Sri Lanka in India, 2 Test Series, 2022

India 
574/8 dec (129.2)

vs

Sri Lanka  
174(65.0)& 178(60.0)

Match Ended ( Day 3 – 1st Test )
India beat Sri Lanka by an innings and 222 runs

Live Updates

IND vs SL 1ST TEST MATCH: रविंद्र जडेजा ने पहले टेस्ट मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई।

16:14 (IST) 6 Mar 2022
भारत ने पारी और 222 रन से जीता मोहाली टेस्ट, सीरीज में 1-0 से आगे

भारतीय टीम ने श्रीलंका को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में पारी और 222 रनों से हरा दिया है। इस मुकाबले में जीत के साथ भारत ने 1-0 की बढ़त भी बना ली है। इस मैच में रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की फिरकी के आगे मेहमान बल्लेबाज बेबस नजर आए। पहली पारी में दोनों ने मिलकर 7 और दूसरी पारी में 8 विकेट झटके। पूरे मैच में 20 में से 15 विकेट दोनों खिलाड़ियों ने लिए।

15:53 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत जीत से एक विकेट दूर, शमी को मिला दूसरा विकेट

मोहम्मद शमी ने विश्वा फर्नांडो को शून्य पर आउट कर भारत को 9वीं सफलता दिलाई। भारत अब मोहाली टेस्ट को पारी से जीतने से महज एक विकेट दूर है। 170 रन पर श्रीलंका को 9वां झटका लगा। पारी की हार से बचने के लिए अभी भी मेहमानों को 229 रनों की जरूरत है जो कि असंभव लग रहा है।

15:30 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: जडेजा को मिला चौथा विकेट, भारत जीत से 2 विकेट दूर

श्रीलंका ने दूसरी पारी में फॉलो-ऑन खेलते हुए 153 रनों पर अपने 8 विकेट गंवा दिए हैं। भारत अब इस मुकाबले को जीतने से महज 2 विकेट दूर है। वहीं श्रीलंका को पारी की हार टालने के लिए 247 रनों की जरूरत है जो कि असंभव सा लग रहा है। रविंद्र जडेजा ने एम्बुलडेनिया को 2 रन पर आउट कर इस मैच में अपना 9वां और इस पारी में चौथा विकेट झटका।

15:24 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: जडेजा-अश्विन की फिरकी में फंसे श्रीलंकाई

मोहाली टेस्ट में रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा दोनों का जलवा देखने को मिला है। बल्लेबाजी में भी दोनों ने कमाल किया इसके बाद अपनी फिरकी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को तंग भी किया। पहली पारी में जडेजा ने 5 और अश्विन ने 2 कुल 7 विकेट इस जोड़ी ने लिए थे। वहीं दूसरी पारी में अभी 7 विकेट गिरने तक 3-3 विकेट यानी कुल 6 विकेट इन दोनों ने ही लिए हैं।

14:45 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: जडेजा ने एक ही ओवर में लिए दो विकेट

175 रन बनाने के बाद पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले रविंद्र जडेजा ने दूसरी पारी में भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान कर रखा है। उन्होंने एक ही ओवर में पहले एंजेलो मैथ्यूज फिर सुरंगा लकमल को आउट कर श्रीलंका को एक के बाद एक दो झटके दिए। श्रीलंका ने 121 रन पर 7 विकेट गंवा दिए हैं। भारत अब पारी की जीत से महज 3 विकेट दूर है।

14:37 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: अश्विन ने श्रीलंका को दिया तीसरा झटका

श्रीलंका की आधी टीम दूसरी पारी में भी 121 रन पर वापस पवेलियन लौट गई है। रविचंद्रन अश्विन ने तीसरा विकेट लेकर लंच के बाद पहले ओवर में ही चरिथ असालंका को आउट किया। इसी के साथ उन्होंने 435वां विकेट लेकर कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है।

14:24 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: दूसरा सेशन भी भारत के नाम रहा

तीसरे दिन चायकाल तक खेल हो चुका है। तीसरे दिन का दूसरा सेशन फिर से भारतीय टीम के नाम रहा। इस दौरान उन्होंने तीन विकेट चटकाए। श्रीलंका के सामने अब भी पहाड़ जैसा लक्ष्य है। अगर उन्हें इस मैच को बचाना है तो उनके बल्लेबाजों को ऐतिहासिक प्रदर्शन करने की जरूरत है। भारतीय स्पिनर्स को विकेट से अच्छी स्पिन मिल रही है। देखते हैं कि चायकाल के बाद दोनों टीमें कैसा खेल दिखाती हैं।

14:08 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: रविंद्र जडेजा का जलवा कामय

कल का दिन भी रविंद्र जडेजा का था। आज का दिन भी उनके नाम होता दिख रहा है। यदि यह कहा जाए कि यह टेस्ट मैच ही जडेजा का है तो गलत नहीं होगा। उन्होंने दूसरी पारी में भी विकेट झटक लिया। 33वें ओवर की पांचवीं गेंद उनकी ऑफ स्टंप पर गिरने के बाद बाहर निकली। धनंजय डिसिल्वा ने फ्रंट फुट पर आकर गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में ड्राइव करने का प्रयास किया, लेकिन गेंद कवर पर खड़े श्रेयस अय्यर के पास गई। अय्यर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। धनंजय डिसिल्वा 30 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह चरित असलंका क्रीज पर आए हैं।

13:40 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: धनजंय और मैथ्यूज ने संभाली पारी

27 ओवरों का खेल हो चुका है। श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 80 रन है। एजेंलो मैथ्यूज ने 20 और धनंजय डिसिल्वा ने 21 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 65 गेंद में 35 रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछले 10 ओवर में 29 रन बने हैं और एक भी विकेट नहीं गिरा है।

13:40 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: शमी ने झटका विकेट

दूसरी पारी में श्रीलंका को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने 16वें ओवर की 5वीं गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। करुणारत्ने 46 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। शमी की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब लेंथ बॉल थी। हल्‍का सा बाहर की ओर निकली, बल्‍ले का बाहरी किनारा लगा और पंत ने विकेट के पीछे आसान सा कैच लपक लिया।

12:36 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: कपिल के बराबर पहुंचे अश्विन

रविचंद्रन अश्विन ने कपिल देव के टेस्ट विकेट लेने की रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अश्विन ने लंच के बाद गेंदबाजी करते हुए पहली पारी के नाबाद निसांका को पवेलियन की राह दिखाई। निसांका 19 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। निसांका का विकेट झटकते ही अश्विन के टेस्ट विकेटों की संख्या 434 हो गई। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर कपिल देव ने भी अपने टेस्ट करियर में 434 विकेट लिए थे।

12:13 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: लंच के बाद का खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। इस समय क्रीज पर पथुम निसांका और दिमुथ करुणारत्ने हैं। लंच के बाद अश्विन पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर में 2 रन बने, जिसमें एक रन लेग बाई से आया। पांच ओवर के बाद दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 12 रन है।

11:45 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: 26 ओवर में 76 रन बने, 7 विकेट गिरे

तीसरे दिन लंच तक का खेल हो चुका है। तीसरे दिन पहले सेशन में 26 ओवर का खेल हुआ। इस दौरान 76 रन बने और सात विकेट गिरे। दूसरी पारी में भी श्रीलंका ने अपना पहला विकेट गंवा दिया है। अभी भी इस मैच में 8 सेशन बाकी है लेकिन जिस तरह से मैच चल रहा है, यहां पर श्रीलंका को कोई बड़ा कमाल करना होगा। भारतीय गेंदबाज काफी बढ़िया गेंदबाजी कर रहे हैं।

11:30 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: श्रीलंका की दूसरी पारी की भी खराब शुरुआत

श्रीलंका की दूसरी पारी की भी शुरुआत खराब हुई। उसने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर अपना पहला विकेट गंवाया। रविचंद्रन अश्विन ने लाहिरू थिरिमाने को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। रोहित ने दूसरे स्लिप पर कमाल का कैच लिया। अश्विन की यह गेंद चौथे स्टंप पर ऑफ ब्रेक बॉल थी। लाहिरू थिरिमाने ने फ्रंट फुट पर आकर रक्षात्मक शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाहरी किनारा लगा और रोहित ने कोई गलती नहीं की।

11:22 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: करुणारत्ने ने खोला अपना और टीम का खाता

भारत ने श्रीलंका को फॉलो-ऑन दिया। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर में कोई रन नहीं बना। शमी दूसरा ओवर लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर करुणारत्ने ने चौका जड़कर अपना और टीम का खाता खोला। शमी की अगली गेंद नो-बॉल रही। उस पर चौका भी चला गया।

11:02 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: एम्बुलदनिया भी नहीं खोल पाए खाता

मोहम्मद शमी ने 64वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को 8वीं सफलता दिलाई। शमी की यह शॉर्ट पिच गेंद थी। लसिथ एम्बुलदनिया ने बचने के चक्कर में बल्ला लगा दिया, शॉर्ट लेग पर खड़े मयंक अग्रवाल ने पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ लिया। एम्बुलदनिया बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

10:51 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: डिकवेला 2 और लकमल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे

जसप्रीत बुमराह के बाद रविंद्र जडेजा ने भारत को 3 गेंद में 2 सफलताएं दिलाईं। उन्होंने 61वें ओवर की चौथी और आखिरी गेंद पर क्रमशः निरोशन डिकवेला और सुरंगा लकमल को पवेलियन की राह दिखाई। जडेजा ने डिकवेला को स्क्वायर लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वहीं, मिड-ऑफ पर रविचंद्रन अश्विन ने सुरंगा लकमल का कैच लपका। लकमल खाता नहीं खोल पाए। डिकवेला 2 रन बनाकर आउट हुए।

10:34 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: रिव्यू में फैसला गया भारत के पक्ष में

जसप्रीत बुमराह ने 58वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने चरित असलंका को एलबीडब्ल्यू किया। असलंका 29 रन बनाकर आउट हुए। असलंका और निसांका के बीच 5वें विकेट के लिए 120 गेंद में 58 रन की साझेदारी हुई। असलंका यह विकेट भारत को रिव्यू लेने के बाद मिला।

10:21 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: निसांका ने 108 गेंद में पूरी की फिफ्टी

पथुम निसांका ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 55वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर 108 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

10:11 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: निसांका अर्धशतक के करीब

तीसरे दिन के खेल के 11 ओवर हो चुके हैं। श्रीलंका ने अपने कल के स्कोर में 32 रन जोड़ लिए हैं। पथुम निसांका 49 रन पर पहुंच चुके हैं। चरित असलंका ने अब तक 13 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 91 गेंद में 41 रन की साझेदारी हो चुकी है।

09:45 (IST) 6 Mar 2022
IND vs SL 1st Test 3rd Day Live Score: असलंका ने शमी को जड़ा चौका

तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। तीसरे दिन भारत की ओर से मोहम्मद शमी पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर में 2 रन बने। रविचंद्रन अश्विन ने अगला ओवर फेंका। उन्होंने सिर्फ एक रन दिए। अगला ओवर फिर शमी लेकर आए। इस ओवर में असलंका ने एक चौका लगाया। 46 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 115 रन है।

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने इतिहास रचा। जडेजा श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 228 गेंदों पर नाबाद 175 रन बनाए। यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी का टेस्ट मैच में 7वें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले 1986 में कपिल देव ने श्रीलंका के खिलाफ कानपुर के मैदान पर 163 रन की पारी खेली थी। रविंद्र जडेजा ने ऋषभ पंत (96) के साथ छठे विकेट के लिए 104, रविचंद्रन अश्विन (61) के साथ सातवें विकेट के लिए 130 और मोहम्मद शमी के साथ 9वें विकेट के लिए नाबाद 101 रनों की साझेदारी की।