India vs Sri Lanka  1st T20: भारत ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका को 38 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। 25 जुलाई 2021 को कोलंबो के आर. प्रेमादासा स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन और सूर्यकुमार यादव के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट पर 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम 18.3 ओवर में 126 रन पर ढेर हो गई।

श्रीलंका के आखिरी 6 विकेट महज 36 रन के भीतर गिरे। श्रीलंका का एक समय स्कोर 13 ओवर में 4 विकेट पर 90 रन था। उसे जीत के लिए 7 ओवर में 74 रन बनाने थे, लेकिन उसके आखिरी 6 बल्लेबाज 36 गेंद में 36 रन ही बना पाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3.3 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लिए। दीपक चहर ने 3 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए।

श्रीलंका की ओर से चरिथ असलंका हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 26 गेंद में 44 रन बनाए। उनके अलावा ओपनर्स अविष्का फर्नांडो (26 रन), मिनोद भानुका (10 रन) और कप्तान दसुन शनाका (16 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।

इससे पहले धवन ने 36 गेंद में 46 और सूर्यकुमार ने 34 गेंद में 50 रन की पारी खेली। संजू सैमसन ने 27 रन बनाए। इशान किशन 20 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से दशमंथ चमीरा और वानिंदु हसरंगा ने 2-2 विकेट लिए। चामीरा करुणारत्ने ने अपनी ही गेंद पर हार्दिक पंड्या का कैच पकड़ा। हार्दिक 12 गेंद में 10 रन ही बना पाए।

इस मैच से पृथ्वी शॉ और वरुण चक्रवर्ती ने टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया। हालांकि, पृथ्वी शॉ का डेब्यू शर्मनाक रहा। वह मैच की पहली ही गेंद पर आउट हो गए।

IND vs SL 1st T20 Live Score Streaming: यहां देखिए भारत और श्रीलंका के बीच पहले टी20 की लाइव स्ट्रीमिंग

Live Blog

23:47 (IST)25 Jul 2021
भुवनेश्वर और दीपक ने दिखाया कि क्यों हैं वे टी20 में बेहद उपयोगी

भारतीय तेज गेंदबाजों और स्पिनर्स ने भी शानदार गेंदबाजी की। युजवेंद्र चहल आज शानदार फॉर्म में थे। वरुण चक्रवर्ती ने भी पहले मैच में ठीक गेंदबाजी की। पार्ट टाइमर्स पंड्या ब्रदर्स ने भी विकेट झटके और ज्यादा रन भी नहीं दिए। आखिर में भुवनेश्वर और दीपक चहर ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने दिखाया कि क्यों वे दोनों टी20 में बेहद ही उपयोगी गेंदबाज हैं। शुरू में स्विंग गेंदबाजी करते हैं। डेथ में स्लोअर और यॉर्कर डालते हैं और विकेट निकालते हैं। दूसरे वनडे में उन्होंने दिखाया था कि वे बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

23:43 (IST)25 Jul 2021
श्रीलंका ने भुगता बल्ले से खराब प्रदर्शन का खामियाजा

श्रीलंका को बल्ले से खराब प्रदर्शन के बाद 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा। शुरुआत में बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में मिनोद ने अपना विकेट खोया। धनंजय और अविष्का ने पारी को संभाला, लेकिन जब रन गति को बढ़ाने की बारी थी दोनों ने अपनी विकेट गंवाई। इस कारण जरूरी रनरेट बढ़ता चला गया। चरिथ असलंका ने एक छोर पर कुछ शानदार शॉट लगाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद श्रीलंका की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

23:13 (IST)25 Jul 2021
श्रीलंका की आधी से ज्यादा टीम पवेलियन लौटी

श्रीलंका की आधी से ज्यादा टीम पवेलियन लौट चुकी है, जबकि उसके खाते में 16 ओवर में सिर्फ 111 रन ही जुड़े हैं। पांचवें विकेट के रूप में असलंका पवेलियन लौटे। उन्हें दीपक चाहर ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर डीप मिड-विकेट में पृथ्वी शॉ के हाथों कैच कराया। असलंका ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 26 गेंद में 44 रन बनाए। उनकी जगह वानिंदु हसरंगा क्रीज पर आए। चौथी गेंद पर वह कोई रन नहीं बना पाए। पांचवीं गेंद पर चहर ने उनको बोल्ड कर दिया। उनकी जगह चमीरा करुणारत्ने बल्लेबाजी के लिए।

23:00 (IST)25 Jul 2021
हार्दिक ने भारत को दिलाई चौथी सफलता

श्रीलंका की पारी के 13 ओवर हो चुके हैं। श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 90 रन है। 13वां ओवर हार्दिक पंडया ने फेंका। इस ओवर में उन्होंने 8 रन दिए और आखिरी गेंद पर अशन भंडारा को बोल्ड किया। वह अब तक 2 ओवर में 17 रन दे चुके हैं और एक विकेट लिया है। बल्लेबाजी में वह सिर्फ 10 रन ही बना पाए थे।अशन भंडारा ने 19 गेंद में 9 रन  बनाए। उन्होंने आउट होने से पहले चरिथ असलंका के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 गेंद में 40 रन की साझेदारी की। श्रीलंका ने पिछले 5 ओवर में 38 रन बनाए हैं और एक विकेट गंवाया है। 

22:39 (IST)25 Jul 2021
दूसरे ओवर की पहली गेंद पर झटका विकेट

श्रीलंका की शुरुआती तीनों बल्लेबाज (टॉप ऑर्डर बैट्समैन) पवेलियन लौट चुके हैं। उसके खाते में अभी 62 रन ही जुड़े हैं। श्रीलंका का तीसरा विकेट आठवें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। भुवनेश्वर कुमार ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अविष्का फर्नांडो को पवेलियन की राह दिखाई। फर्नांडो ने 3 चौके की मदद से 23 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। भुवी ने फर्नांडो को डीप स्क्वायर लेग पर संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। भुवी ने इस ओवर में सिर्फ 2 रन दिए। उन्होंने अपने पहले ओवर में 10 रन लुटाए थे।

22:28 (IST)25 Jul 2021
श्रीलंका को 7वें ओवर में लगा दूसरा झटका

श्रीलंका को 7वें ओवर में दूसरा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने दूसरी गेंद पर धनंजय डिसिल्वा को बोल्ड कर दिया। धनंजय 10 गेंद में एक चौके की मदद से 9 रन ही बना पाए। धनंजय की जगह चामीरा असलंका क्रीज पर आए। सात ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 2 विकेट पर 50 रन था। असलंका ने एक और फर्नांडो ने 22 गेंद में 26 रन बनाए थे।

22:22 (IST)25 Jul 2021
10 रन बना मिनोद भानुका लौटे पवेलियन

क्रुणाल पंड्या ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मिनोद भानुका का सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। भानुका ने 2 चौके की मदद से 7 गेंद में 10 रन बनाए। भानुका की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज धनंजय डिसिल्वा क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर ओपनर अविष्का फर्नांडो हैं।

21:48 (IST)25 Jul 2021
श्रीलंका के खिलाफ टी20 में 68 फीसदी है भारत का सक्सेस रेट

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि श्रीलंका के खाते में पांच ही जीत आए हैं। वहीं, टी20 के इतिहास में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ अब तक एक भी सीरीज नहीं जीती है। दोनों टीमों ने अब तक चार टी20 सीरीज खेली है, जिसमें तीन सीरीज भारत ने अपने नाम की है, जबकि एक ड्रॉ रहा है।

21:48 (IST)25 Jul 2021
श्रीलंका के खिलाफ टी20 में 68 फीसदी है भारत का सक्सेस रेट

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि श्रीलंका के खाते में पांच ही जीत आए हैं। वहीं, टी20 के इतिहास में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ अब तक एक भी सीरीज नहीं जीती है। दोनों टीमों ने अब तक चार टी20 सीरीज खेली है, जिसमें तीन सीरीज भारत ने अपने नाम की है, जबकि एक ड्रॉ रहा है।

21:24 (IST)25 Jul 2021
पचासा ठोक पवेलियन लौटे सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी की 33वीें गेंद पर हसरंगा की गेंद पर छक्का लगा अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, वह अगली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर स्थानापन्न खिलाड़ी रमेश मेंडिस के हाथों लपक लिए गए। उनकी जगह इशान किशन क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर हार्दिक पंड्या हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 130 रन है।

21:13 (IST)25 Jul 2021
धवन लौटे पवेलियन

पंद्रहवें ओवर की पहली गेंद पर भारत को बड़ा झटका लगा। ओपनर शिखर धवन 36 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और एक छक्के लगाए। चामिका करुणारत्ने ने धवन को अशीन भंडारा के हाथों डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच कराया। भारत का स्कोर 14.1 ओवर में 3 विकेट पर 113 रन है। सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंद में 37 रन बनाए हैं। धवन ने आउट होने से पहले सूर्यकुमार के साथ मिलकर 48 गेंद में 62 रन की साझेदारी की।

21:02 (IST)25 Jul 2021
धवन-SKY ने की 50 रन की साझेदारी

बारह ओवर्स का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 2 विकेट पर 101 रन है। सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंद में 30 और शिखर धवन ने 29 गेंद में 41 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 35 गेंद में 50 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

20:39 (IST)25 Jul 2021
20 गेंद में 27 रन ठोक संजू सैमसन लौटे पवेलियन

भारत को 7वें ओवर की पहली गेंद पर दूसरा झटका लगा। वानिंदु हसरंगा की गेंद पर संजू सैमसन एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने 20 गेंद में 27 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके और एक छक्का लगाया। संजू ने आउट होने से पहले धवन के साथ 36 गेंद में 51 रन की साझेदारी की। संजू की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए।

20:14 (IST)25 Jul 2021
पहले टी20 में श्रीलंका की शानदार शुरुआत

पहले टी20 में श्रीलंका की शानदार शुरुआत हुई। भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे पृथ्वी शॉ डेब्यू टी20 इंटरनेशनल मैच में पहली ही गेंद पर कैच आउट हो गए। उनकी जगह दाएं हाथ के संजू सैमसन क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर शिखर धवन हैं। दुश्मथ चमीरा ने उन्हें मिनोद भानुका के हाथों कैच कराया। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 रन था। संजू ने 3 और धवन ने एक रन बनाए थे।

19:40 (IST)25 Jul 2021
ये है भारत की प्लेइंग इलेवन

भारतः शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, वरुण चक्रवर्ती, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर और भुवनेश्वर कुमार।   

19:40 (IST)25 Jul 2021
ये है श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन

श्रीलंकाः अविष्का फर्नाडो, मिनोद भानुका (विकेटकीपर), भानुका राजपक्षा, धनंजय डी सिल्वा, चरीथ असालंका, दसुन शनाका (कप्तान), वाननिंदु हसरंगा, चमीका करूणारत्ने, अकीला धनंजय, दुशमंथा चमीरा और इसुरु उडाना।