Paris Olympics 2024, India vs Spain Hockey Match Live Streaming: पेरिस ओलंपिक 2024 में गुरुवार 8 अगस्त 2024 को हॉकी का कांस्य पदक मैच भारत और स्पेन के बीच खेला जाएगा। भारत और स्पेन के बीच यह हॉकी मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा। दिग्गज गोलकीपर प्रीआर श्रीजेश का यह आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा।
वर्ल्ड हॉकी रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज भारत को मंगलवार 6 अगस्त 2024 को सेमीफाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की टीम जर्मनी के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने भारत की ओर से गोल किए, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था।
भारत बनाम जर्मनी के मैच में स्कोर जब 2-2 की बराबरी पर था तब मार्को मिल्टकाऊ ने गोल करके जर्मनी को बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही। इसके साथ ही जर्मनी और नीदरलैंड्स के बीच गोल्ड मेडल मैच होना तय हो गया। वहीं, भारत लगातार दूसरे संस्करण में कांस्य पदक मैच में जगह बनाने में सफल रहा।
हरमनप्रीत सिंह पेरिस ओलंपिक में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
इससे पहले, भारत ग्रुप चरण में पांच मैचों में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। क्वार्टर फाइनल में हरमनप्रीत की अगुआई वाली भारतीय टीम ने ब्रिटेन के खिलाफ करीब 40 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेला। इसके बावजूद शूटआउट में ब्रिटेन को हराया। हरमनप्रीत सिंह पेरिस ओलंपिक 2024 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, उनके नाम आठ गोल हैं।
पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष हॉकी के पहले सेमीफाइनल की बात करें तो एफआईएच रैंकिंग में 8वें स्थान पर काबिज स्पेन का नीदरलैंड्स के खिलाफ प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। दो बार के स्वर्ण पदक विजेता डच टीम ने सेमीफाइनल में 4-0 से जीत दर्ज की। स्पेन ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में गत चैंपियन बेल्जियम को 3-2 से हराया था। वह पांच मैच में दो जीत के साथ ग्रुप स्टेज में चौथे स्थान पर रहा था।
भारत बनाम स्पेन हॉकी: हेड टू हेड
टोक्यो 2020 ओलंपिक के बाद से भारत और स्पेन ने टूर्नामेंट में नौ मैच खेले हैं। इनमें से 5 में भारतीय हॉकी टीम ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इन पांच जीत में से दो शूटआउट में मिली हैं। इस साल की शुरुआत में, दोनों टीमें एफआईएच (FIH) प्रो लीग में दो बार खेली थीं।
भारत ने इन दो मैच में से पहला मैच 4-1 से जीता, जबकि दूसरा मैच शूटआउट में जीता। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अब तक ओलंपिक में 12 पदक जीते हैं। इनमें से 8 स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हैं। स्पेन ने 4 पदक जीते हैं। इनमें से 3 रजत और एक कांस्य पदक है।
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत बनाम स्पेन हॉकी मैच का लाइव टेलीकॉस्ट कहां देखें
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत बनाम स्पेन कांस्य पदक मैच में भारत में टीवी पर स्पोर्ट्स18 नेटवर्क के चैनल्स पर लाइव टेलीकॉस्ट किया जाएगा। भारत बनाम स्पेन कांस्य पदक मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा (JioCinema) ऐप और वेबसाइट पर मुफ्त में उपलब्ध होगी।
पेरिस ओलंपिक 2024 वैश्विक फीड (टीवी): स्पोर्ट्स18– 3, स्पोर्ट्स18– 1 और स्पोर्ट्स18– 1 एचडी।
पेरिस ओलंपिक 2024 भारत केंद्रित फीड (टीवी): स्पोर्ट्स18– 1, स्पोर्ट्स18– 2 और स्पोर्ट्स18– 1 एचडी।
पेरिस ओलंपिक 2024 भारत में लाइव स्ट्रीमिंग: जियो सिनेमा (JioCinema) वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध।