भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेला जा रहा है। आज यानी 11 जनवरी 2022 को मैच का पहला दिन खत्म हो गया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। भारत की पहली पारी 223 रनों पर सिमट गई और जवाब में मेजबान टीम ने स्टंप्स तक 1 विकेट पर 17 रन बना लिए हैं।
भारत के लिए विराट कोहली ने सर्वाधिक 79 रनों की पारी खेली और एक बार फिर अपने 71वें शतक से चूक गए। कगिसो रबाडा ने 4 और मार्को यानसन ने 3 विकेट अपने नाम किए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर को 3 रन पर जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया है। दिन का खेल खत्म होने तक ऐडेन मारकरम 8 और केशव महाराज 6 रन बनाकर नाबाद हैं।
टीम इंडिया ने इस सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस जीता है। हालांकि, इस ग्राउंड पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक है। टीम इंडिया को केपटाउन में भी 29 साल से पहली टेस्ट जीत का इंतजार है।
इस मैदान पर भारत ने पहली बार 1993 में टेस्ट मैच खेला था। उसके बाद से अब तक भारत ने यहां कुल 5 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें से 2 ड्रॉ हुए हैं और 3 में उसे हार झेलनी पड़ी है। भारतीय टीम 30 साल से दक्षिण अफ्रीका में कभी भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।
इस मैदान पर टीम इंडिया को आखिरी बार 2018 में विराट कोहली के नेतृत्व में 72 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा 1997 में 282 रन और 2011 में 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं साल 1993 और 2011 में खेले टेस्ट मैच भारत ने ड्रॉ कराए थे।
मौजूदा सीरीज में ये छठा मौका होगा जब भारतीय टीम इस मैदान पर उतरेगी। भारत के पास इस बार सुनहरा मौका है दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने और केपटाउन में पहली टेस्ट जीत दर्ज करने का। हालांकि मेजबानों के भी हौसले बुलंद होंगे जो जोहानिसबर्ग में हमेशा अजेय रही टीम इंडिया को मात देकर आ रही है।
Freedom Trophy, 2021/22
South Africa
210(76.3)& 212/3(63.3)
India
223(77.3)& 198(67.3)
Match Ended ( Day 4 – 3rd Test )
South Africa beat India by 7 wickets
विराट कोहली के 71वें शतक का एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है। केपटाउन टेस्ट की पहली पारी में वे 79 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कगिसो रबाडा ने चार विकेट अपने नाम किए। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट गंवा दिए हैं। मार्को यान्सन ने भी 3 विकेट अपने नाम किए हैं।
भारतीय टीम को जसप्रीत बुमराह के रूप में 8वां झटका लगा है। विराट कोहली अकेले एक छोर संभाले खड़े हैं। लेकिन दूसरी तरफ से लगातार विकेट गिरते जा रहे हैं। कगिसो रबाडा और मार्को यान्सन ने 3-3 विकेट अभी तक अपने नाम कर लिए हैं।
भारतीय कप्तान विराट कोहली के 71वें शतक का पूरी दुनिया को बेसब्री से इंतजार है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी केपटाउन टेस्ट में विराट कोहली इस वक्त 70 से अधिक रनों पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और टिके हैं। लेकिन दूसरी ओर से विकेट गिर रहे हैं। उनको लेकर दानिश कनेरिया ने किया ये पोस्ट :-
विराट कोहली ने केपटाउन टेस्ट में अपने टेस्ट करियर का 28वां और दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर तीसरा अर्धशतक जड़ा है। भारत ने साथ ही 167 रन पर ऋषभ पंत के रूप में अपना पांचवां विकेट भी गंवा दिया। पंत 27 रन बनाकर वापस पवेलियन लौटे।
116 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद भारतीय पारी को एक छोर से कप्तान विराट कोहली ने संभाल रखा है। दूसरे सत्र का खेल खत्म हो गया है और उन्होंने 5वें विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 25 रन जोड़कर स्कोर 141 तक पहुंचा दिया है। अब तीसरे सत्र का खेल 7 बजे से शुरू होगा।
भारतीय टीम एक बार फिर संकट में फंस गई है। उसने 116 रन के भीतर 4 विकेट गंवा दिए। कगिसो रबाडा ने भारत को चौथा झटका दिया। रबाडा ने 43वें ओवर की पहली गेंद पर अजिंक्य रहाणे को चलता किया। रबाडा की यह गेंद कमाल की थी। हालांकि, रहाणे ने तुरंत रिव्यू मांगा। रबाडा की यह गुड लेंथ गेंद थी। रहाणे क्रीज में खड़े रह गए। गेंद ऑफ और मिडिल स्टंप पर पड़कर सीधी रही। रहाणे ने लेग साइड की ओर खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के बाहरी किनारे को चूमकर विकेटकीपर वेरेन के दस्तानों में पहुंच गई। रहाणे 9 रन ही बना पाए।
भारत को तीसरा झटका मार्को यानसन ने 38वें ओवर में दिया। यानसन ने ओवर की तीसरी गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को विकेटकीपर वेरेन के हाथों लपकवाया। पुजारा 77 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक से चूक गए। यानसन की यह गेंद ऑफ स्टंप के करीब गुड लेंथ थी। गेंद टप्पा खाने के बाद हल्का सा बाहर गई और बल्ले का किनारा लेती हुई कीपर के पास पहुंच गई। यानसन पिछली तीनों गेंद पर राउंड द विकेट गेंदबाजी कर रहे थे। पुजारा जब आउट हुए तब टीम इंडिया का स्कोर 95 रन था।
लंच ब्रेक हो गया है। लगातार तीसरा टॉस जीतने के बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। मयंक-राहुल की जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि डॉट गेंदों के दबाव में आकर वह दो ओवरों के भीतर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अनुभवी चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली ने पारी को संभाला और क्रीज पर समय बिताया। खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने महत्वपूर्ण रन जोड़े और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 95 गेंद में 42 रन की साझेदारी हो चुकी है। साउथ अफ्रीका अपने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश होगा, लेकिन वह चाहेगा कि टीम जल्द से जल्द इस साझेदारी को तोड़े।
भारत को दूसरा झटका 13वें ओवर में लगा। कगिसो रबाडा ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर मयंक अग्रवाल को पवेलियन की राह दिखाई। मयंक 35 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। रबाडा की यह गेंद चौथे स्टंप पर फुलर थी। मयंक ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर दूसरी स्लिप पर खड़े एडेन मार्कराम के हाथों में पहुंच गई।
भारत के दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके हैं। पहला विकेट 12वें ओवर में गिरा। ऑलिवियेर ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर केएल राहुल का विकेट झटका। केएल राहुल 12 रन बनाकर आउट हुए। ऑलिवियेर की यह गेंद ऑफ स्टंप के करीब बैक ऑफ लेंथ थी। यह गेंद गिरकर उछाल के साथ अंदर की ओर आई। राहुल ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर कीपर के दस्तानों में पहुंच गई।
तीसरे टेस्ट मैच में भारत की ओर से केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने सधी शुरुआत की। भारत ने शुरुआती 5 ओवर में बिना विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं।
साउथ अफ्रीका: डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्कराम, कीगन पीटरसन, रॉसी वैन डेर डूसेन, टेम्बा बावुमा, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, डुएन ऑलिवियेर, लुंगी एनगिडी।
भारतः केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।
थोड़ी देर में टॉस होने वाला है। पहले टेस्ट में मिली हार का पलटवार करते हुए मेज़बान साउथ अफ़्रीका ने दूसरे टेस्ट में भारत को सात विकेटों से मात देकर सीरीज़ में 1-1 की बराबरी कर ली। उनकी जीत में अहम योगदान दिया कप्तान डीन एल्गर ने। एल्गर इस सीरीज़ में साउथ अफ़्रीका की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं और उन्होंने भारतीय गेंदबाज़ों के नाक में दम कर दिया है।