IND vs SA: भारत को तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 रन से करीबी जीत मिली और जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे। तिलक वर्मा ने 107 रन की शानदार पारी खेलकर टीम के स्कोर को 219 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी, लेकिन इस मैच में टीम के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी जो 50 रन की पारी खेली वो काफी अहम रही। अभिषेक ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में लाने का काम किया था।

श्रेयस से आगे निकले अभिषेक

अभिषेक शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे मैच में 25 गेंदों पर 5 छक्के और 3 चौकों की मदद से 50 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने ये रन 200.00 की स्ट्राइक रेट से साथ बनाए। अपनी पारी में लगाए 5 छक्कों की मदद से अभिषेक शर्मा टी20 क्रिकेट में एक साल में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए। अभिषेक शर्मा ने टी0 क्रिकेट में इस साल में अब तक यानी साल 2024 में कुल 65 छक्के लगाए हैं और वो श्रेयस अय्यर से आगे निकल गए जिन्होंने साल 2019 में 63 छक्के लगाए थे।

पंत का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब श्रेयस

टी20 में अभिषेक शर्मा ने साल 2024 में अब तक कुल 65 छक्के लगाए हैं और अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ वो चौथे मैच में 2 छक्के और लगा देते हैं तो ऋषभ पंत से आगे निकल जाएंगे जिन्होंने टी20 में एक साल में यानी 2018 में 66 छक्के लगाने का कमाल किया था। दो छक्के लगाने के बाद अभिषेक शर्मा लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ जाएंगे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने साल 2022 में 85 छक्के लगाए थे तो वहीं दूसरे नंबर पर भी सूर्या ही हैं जिन्होंने साल 2023 में कुल 71 छक्के लगाए थे।

टी20 में एक साल में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय
85 – सूर्यकुमार यादव (2022)
71 – सूर्यकुमार यादव (2023)
66 – ऋषभ पंत (2018)
65 – अभिषेक शर्मा (2024)
63 – श्रेयस अय्यर (2019)
57 – यशस्वी जयसवाल (2023)
56 – केएल राहुल ( 2022)
56 – ऋतुराज गायकवाड़ (2023)
56 – रिंकू सिंह (2023)
54 – केएल राहुल (2019)
50 – तिलक वर्मा (2023)