लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर एक ओर जहां भारत और इंग्लैंड सीरीज की आखिरी जंग लड़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आसमान में मंडराते बादल भी मैच पर अपना दबदबा जमाने की कोशिश में हैं। सीरीज 2-1 से इंग्लैंड के पक्ष में है। भारत को सीरीज बराबर करने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत है, लेकिन सवाल सिर्फ इंग्लैंड की गेंदबाज़ी या भारत की बल्लेबाजी भर का नहीं है। असली मुकाबला तो अब मैदान और मौसम के बीच है।
बारिश के कारण पहले दिन सिर्फ 64 ओवर का खेल हुआ
भारत बनाम इंग्लैंड पांचवें टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश से प्रभावित रहा और कुल 64 ओवर का ही खेल हो पाया। खेल खत्म होने के समय भारत का स्कोर 6 विकेट पर 204 रन था। अब उसकी नजर बड़ा स्कोर खड़ा करने पर है। दूसरे दिन मौसम थोड़ा साफ होने की उम्मीद है। हालांकि, यूके मौसम विभाग का अनुमान है कि स्थानीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से 3 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शाम 7:30 बजे) के बीच बारिश की सबसे ज्यादा संभावना है। तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन 80% से ज्यादा आर्द्रता और ओवरकास्ट कंडीशन बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं।
ऐसे हालात में भारतीय टीम को संयम से बल्लेबाजी करनी होगी। पहले दिन करुण नायर और साई सुदर्शन ने संयमित बल्लेबाजी की। अब आंखें करुण नायर और वाशिंगटन सुंदर की साझेदारी पर टिकी हैं। दूसरी ओर, इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल रही है। मौसम अगर साथ देता है तो वे और खतरनाक साबित हो सकते हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा और कठिन हो सकती है।
सीरीज बराबर करने की भारत की उम्मीदें अब न सिर्फ स्कोरबोर्ड पर टिकी हैं, बल्कि आसमान पर भी। बारिश अगर ज्यादा देर तक नहीं टिकी, तो मैच में रोमांच बना रहेगा। वरना इस ऐतिहासिक मुकाबले का अंत भीगता हुआ और अधूरा रह सकता है।
शुक्रवार, 1 अगस्त 2025 को लंदन के मौसम का पूर्वानुमान (यूके मौसम कार्यालय के मुताबिक)
स्थानीय समय | भारतीय समयानुसार | बारिश की संभावना | तापमान °C |
सुबह 11 बजे | दोपहर 3:30 बजे | 20% | 19°C |
दोपहर 12 बजे | शाम 4:30 बजे | 40% | 20°C |
दोपहर 1 बजे | शाम 5:30 बजे | 70% | 20°C |
दोपहर 2 बजे | शाम 6:30 बजे | 70% | 20°C |
दोपहर 3 बजे | शाम 7:30 बजे | 60% | 20°C |
शाम 4 बजे | रात 8:30 बजे | 50% | 20°C |
शाम 5 बजे | रात 9:30 बजे | 30% | 20°C |
शाम 6 बजे | रात 10:30 बजे | 20% | 19°C |