ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में मंगलवार को भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप चरण के आखिरी मैच को जीतने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो भारतीय फैंस की दिल की धड़कनें बढ़ी हुई थीं। सभी को केवल एक ही बात का डर सता रहा था कि कहीं ट्रेविस हेड एक बार फिर दिल न तोड़े। रोहित शर्मा ने हेड के लिए जो जाल बिछाया, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उसमें फंस गए।
पावरप्ले में नहीं चलता है हेड का बल्ला
रोहित शर्मा के फैसले देखकर यही समझ आ रहा था कि वह हेड को फिरकी के जाल में फंसाना चाहते थे। पावरप्ले में हेड कभी किसी स्पिनर की गेंद पर आउट नहीं हुए लेकिन वह उस तरह खुलकर भी नहीं खेल पाए। वनडे में 1-10 ओवर के बीच हेड ने 117 गेंदों में 135 रन बनाए थे।
जल्दी अटैक पर आए कुलदीप यादव
इसी आंकड़े को देखते हुए रोहित शर्मा कुलदीप यादव को बहुत जल्दी अटैक पर ले आए। कुलदीप छठा ओवर करने आए। वनडे फॉर्मेट में कुलदीप को इतना जल्दी केवल साल2017 में ही गेंद थमाई गई थी। तब भी वह छठे ओवर में आए थे और सामने ऑस्ट्रेलिया ही था। कुलदीप के इस ओवर में 5 सिंगल आए। इसके बाद उन्होंने 8वां ओवर किया जिसमें ट्रेविस हेड ने एक छक्का लगाया। हालांकि इसके अलावा पूरे ओवर में एक भी रन नहीं आया।
वरुण चक्रवर्ती को लाए अटैक पर
रोहित ने इसके बाद स्पिनर बदलने का फैसला किया और वह वरुण चक्रवर्ती को लेकर आए। वरुण की पहली गेंद का सामना स्टीव स्मिथ ने किया जो कि सिंगल लेकर क्रीज पर आए। इसके बाद अगली गेंद पर ट्रेविस हेड बल्लेबाजी करने आए। हेड इसी गेंद पर पवेलियन लौट गए। वरुण की गेंद पर सही टाइमिंग के साथ शॉट नहीं खेल सके, गेंद उठ गई और गिल ने कैच लपका। हेड ने 33 गेंदों में 39 रन बनाए। इस पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए।
अश्विन ने अपने शो ‘ऐश की बात’ पर रोहित को सलाह थी कि वह वरुण चक्रवर्ती को नई गेंद दें। उन्होंने कहा, ‘नई गेंद वरुण को दें और उसे ट्रेविस हेड को स्टंप के ऊपर से गेंदबाजी करने के लिए कहें। ट्रेविस हेड अपने तीनों स्टंप दिखाते हैं और फिर अपना पैर साफ करके गेंद को फील्ड के ऊपर से मारते हैं। नई गेंद के साथ वरुण चक्रवर्ती भारत को बढ़त दिला सकते हैं। अगर वरुण को नई गेंद दी जाती है, तो मुझे नहीं लगता कि हेड अधिक रन बना पाएंगे।