टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और मुकाम अपने नाम कर लिया है। धोनी के अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 अर्धशतक हो गए हैं। एेसा करने वाले वह भारत के चौथे खिलाड़ी हैं। अॉस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे पहले वनडे में उन्होंने अपनी 67वीं हाफ सेंचुरी जड़ी। इसी के साथ उन्होंने यह कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन विराट कोहली का यह फैसला सही नहीं रहा और अजिंक्य रहाणे 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान विराट कोहली भी शून्य पर आउट हो गए। कुछ पलों बाद मनीष पांडे भी पवेलियन लौट गए। केदार जाधव और रोहित शर्मा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन रोहित 28 रन बनाकर आउट हो गए। केदार जाधव ने 40 रन बनाए और वह स्टोइनिस का शिकार बने।

इसके बाद हार्दिक पंड्या और महेंद्र सिंह धोनी ने पारी को संभाला। दोनों विस्फोटक खिलाड़ियों के बीच 118 रनों की साझेदारी हुई। पंड्या ने धुआंधार बल्लेबाजी की और एडम जुंपा के ओवर में लगातार 3 छक्के लगाए। उन्होंने 66 गेंदों में 5 छक्के और 5 छक्कों की मदद से 83 रन बनाए। बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में वह एडम जुंपा का शिकार बने। वहीं महेंद्र सिंह धोनी आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 79 रनों की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार ने धोनी का बखूबी साथ दिया और उन्होंने 30 गेंदों में 32 रन ठोके। भारत ने अॉस्ट्रेलिया को 282 रनों का लक्ष्य दिया है।

देखें वीडियो ः